खुद को नया डीएम बता छपरा कलेक्ट्रेट पहुंचा युवक हिरासत में
- दिघवारा निवासी युवक की मानसिक हालत खराब, कोईलवर मानसिक आरोग्यशाला भेजा पुलिस ने
छपरा(सारण)। बुधवार को दोपहर कलेक्ट्रेट में उस समय अजीबोगरीब स्थिति उत्पन्न हो गई जब एक युवक डीएम सुब्रत कुमार सेन की अनुपस्थिति में खुद को नया जिलाधिकारी बता उनके चैंबर में कुर्सी पर बैठने पहुंच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। उसे थाने ले जाया गया, जहां उसकी मां ने पहुंचकर उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने का हवाला देते हुए छोड़ने का आग्रह किया। देर शाम पुलिस ने उसे आरा के कोईलवर स्थित मानसिक आरोग्यशाला इलाज के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार मानसिक रूप से बीमार युवक दिघवारा थाना क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला है। उसकी मां ने बताया कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम को लेकर लागू किए गए लॉकडाउन की अवधि में वह मानसिक रूप से अस्वस्थ हो गया था। उसका इलाज कराया जा रहा है। यह भी बताया गया कि किसी लड़की के साथ युवक का प्रेम-प्रसंग चल रहा है। इससे भी हमेशा वह विचलित रहता है। थाने में युवक पुलिस के समक्ष भी यह दावा कर रहा था कि उसे छपरा का डीएम बनाया गया है। उसके मोबाइल पर नियुक्ति का मैसेज आया है। उसके आधार पर वह योगदान करने समाहरणालय पहुंचा था। पुलिस के अनुसार बुधवार को दोपहर दो बजे के करीब वह समाहरणालय पहुंचा और अपने को छपरा का डीएम बताकर चैंबर में प्रवेश करने की बात कहने लगा। इसपर समाहरणालय के कर्मचारी व पदाधिकारी सकते में आ गए। वहां हड़कंप मच गया।


More Stories
मुख्यमंत्री का अमर्यादित हरकत और शर्मनाक समर्थन
छपरा सदर प्रखंड के महाराजगंज पंचायत भवन में होगा विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन
प्रत्येक गुरुवार को जिलाधिकारी उद्यमियों के साथ करेंगे संवाद, उनकी समस्याओं को दूर करने के लिये एवं उद्यम विकास के लिये किया जायेगा सक्रिय सहयोग