शराब तस्करी से हो रही गोपालगंज की बदनामी को खत्म करना होगा : डीएम
विजयीपुर (गोपालगंज)। गोपालगंज जिला शराब तस्करी में बदनाम है। यूपी के बॉर्डर से सटे चार थाने हैं। जहां से रोज- रोज शराब बरामद हो रही है। थाना प्रभारी लोग काम कर रहे हैं। इसके बावजूद भी रोज-रोज शराब की तस्करी और पीने वाले लोगों पर विराम नहीं लग रहा है। इस बदनामी को खत्म करना होगा। बुधवार को विजयीपुर थाना पहुंचे जिलाधिकारी अरशद अजीज ने चौकीदारों तथा पुलिस कर्मियों को हर हाल में शराब के कारोबार पर पूर्ण रूप से रोक लगाने का निर्देश दिया। डीएम थाना परिसर में चौकीदारों की परेड के बाद उन्हें संबोधित कर रहे थे। उनके साथ पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार तिवारी भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि अगर किसी चौकीदार के जोन में शराब पकड़ी जाती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी कीमत पर किसी को की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक मनोज तिवारी ने शराबबंदी के लिए सख्त कदम उठाने की हिदायत दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन को प्रचार प्रसार कर समाज को जागरूक करने के साथ ही जनप्रतिनिधियों से भी अपेक्षित सहयोग लेना चाहिए। जहां कहीं भी शराब की बिक्री का पता चले, पुलिस तुरंत छापेमारी कर धंधेबाजों को गिरफ्तार करे। इस मौके पर एसडीओ अनिल कुमार रमन, एसडीपीओ नरेश कुमार, सीओ राहुल कुमार, बीडीओ अंजू कुमारी, थानाध्यक्ष मनोज कुमार सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।


More Stories
पाटलिपुत्र-छपरा पेसेंजर ट्रेन को रद्द करना जनहित के विपरीत
मुख्यमंत्री ने सारण जिले में चल रही विकासात्मक योजनाओं के संबंध में की समीक्षा बैठक
मुख्यमंत्री ने सारण जिले को 985 करोड़ रुपये की दी सौगात, 52 योजनाओं का किया उद्घाटन एवं शिलान्यास