मांझी पुलिस ने ताजपुर स्थित एक घर में छापेमारी कर छत्तीसगढ़ से फरार प्रेमी युगल को किया गिरफ्तार
राष्ट्रनायक प्रतिनिधि।
मांझी (सारण)। सोमवार की रात्रि मांझी थाना पुलिस ने ताजपुर स्थित एक घर में छापेमारी कर छत्तीसगढ़ से फरार प्रेमी युगल को गिरफ्तार कर लिया। हालाँकि गिरफ्तार प्रेमी युगल ने पिछले 13 दिसम्बर को रायपुर कोर्ट में शादी कर लेने की पुलिस को जानकारी दी है। मिली जानकारी के अनुसार सिवान के बिनवल गांव निवासी मकसूद आलम के पुत्र सुहैल रजा तथा मध्यप्रदेश निवासी अरविंद सिंह की पुत्री पूजा कुमारी पिछले छह वर्षों से एक दूसरे से प्रेम करते थे। चूंकि दोनों के परिवार छत्तीसगढ़ के खुर्सीपार में ही रहते हैं तथा दोनों का अस्थाई घर आमने सामने है। इसलिए दोनों ने परिजनों की सहमति के बगैर कोर्ट जाकर शादी कर ली। बताते है कि मामले की भनक दोनों के परिजनों को भी है। बीती रात्रि सूचना पाकर पीएसआई अल्का सिन्हा के नेतृत्व में मांझी थाना पुलिस ने प्रेमी युगल को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष ओम प्रकाश चौहान ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि छत्तीसगढ़ से फरार एक प्रेमी युगल ताजपुर में छिपे हुए हैं जिसे लेकर गांव में विवाद होने की आशंका है। विवाद से लोगों को राहत दिलाने के उद्देश्य से प्रेमीयुगल को हिरासत में रखा गया है तथा दोनों के परिजनों को हिरासत में लिए जाने की सूचना दे दी गई है। पुलिस दोनों के परिजनों के पहुंचने की प्रतीक्षा में है।


More Stories
मुख्यमंत्री का अमर्यादित हरकत और शर्मनाक समर्थन
छपरा सदर प्रखंड के महाराजगंज पंचायत भवन में होगा विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन
प्रत्येक गुरुवार को जिलाधिकारी उद्यमियों के साथ करेंगे संवाद, उनकी समस्याओं को दूर करने के लिये एवं उद्यम विकास के लिये किया जायेगा सक्रिय सहयोग