अनियंत्रित वाहन की चपेट में आकर पिता की मौत, पुत्र घायल
- परिजनों के बीच में मची चीख–पुकार
- नाराज ग्रामीणों ने रसूलपुर–चैनपुर पथ को चार घंटे रखा जाम
- वाहन को कब्जे में लेकर कार्रवाई में जुटी पुलिस

राष्ट्रनायक प्रतिनिधि
एकमा (सारण)। रसूलपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को हुई सड़क दुर्घटना में साइकिल सवार पिता-पुत्र घायल हो गए। वृद्ध पिता की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पुत्र को घायल अवस्था में एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार हेतु भर्ती कराया गया। वहीं वारदात से नाराज ग्रामीणों ने रसूलपुर-चैनपुर पथ को लगभग चार घंटे तक जाम रखा। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे प्रखंड प्रमुख पति बच्चा सिंह व रसूलपुर थानाध्यक्ष प्रभाकर कुमार भारती के द्वारा मृतक के परिजनों को आपदा के तहत मुआवजा राशि का लाभ दिलाए जाने के आश्वासन के बाद सड़क जाम कर रहे लोगों ने सड़क यातायात सामान्य होने दिया। बताया गया है कि चैनपुर से आवश्यक सामानों की खरीदारी करके साइकिल पर सवार होकर पिता-पुत्र घर लौट रहे थे। इसी दौरान रसूलपुर-चैनपुर सड़क पर पकवाईनार बाजार के निकट रसूलपुर की तरफ द्रूतगति से जा रहे पिक-अप वाहन की चपेट में आने से साइकिल सवार वृद्ध पिता की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। जबकि पुत्र गंभीर रुप से घायल हो गया। वहीं दुर्घटना को अंजाम देकर मौके से वाहन चालक के अनियंत्रित होकर पिक-अप वाहन भी सड़क किनारे पलट गया। मौका पाकर वाहन चालक मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों का आरोप है कि वाहन चालक नशे की हालत में लापरवाही से वाहन चला रहा था। मृतक की शिनाख्त रसूलपुर थाना क्षेत्र के लौआरी गांव निवासी देव कुमार पुरी (60) के रूप में हुई है। वहीं उसके पुत्र मिथिलेश पुरी (18) को घायल अवस्था में उपचार हेतु पुलिस ने एकमा अस्पताल में पहुंचाया है। उधर दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। रसूलपुर थाने की पुलिस ने शव को अपने कब्जे में कर पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल छपरा भेज दिया। जबकि वाहन को भी कब्जे में लेकर अपनी वैधानिक कार्रवाई में जुट गई। बताया गया है कि लौआरी गांव निवासी सड़क दुर्घटना में मृत्यु के शिकार देवकुमार पुरी को दो पुत्र व दो पुत्रियां भी हैं।


More Stories
मुख्यमंत्री का अमर्यादित हरकत और शर्मनाक समर्थन
छपरा सदर प्रखंड के महाराजगंज पंचायत भवन में होगा विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन
प्रत्येक गुरुवार को जिलाधिकारी उद्यमियों के साथ करेंगे संवाद, उनकी समस्याओं को दूर करने के लिये एवं उद्यम विकास के लिये किया जायेगा सक्रिय सहयोग