बीएसएफ जवान का शव गांव पहुंचते ही छाया मातम, परिजनों में मची चिख-पुकार
- जय हिंद, शहीद तुम अमर रहो, राहुल अमर रहे के लगे नारे

राष्ट्रनायक न्यूज।
छपरा (प्रो. अजीत कुमार सिंह/अमित सिंह)। एकमा थाना क्षेत्र के आमडाढ़ी गांव निवासी बीएसएफ जवान राहुल कुमार सिंह उर्फ भोला सिंह का ताबूत में रखा व तिरंगे में लपेटा हुआ शव रविवार की देर शाम पैतृक आवास पर पहुंचा। इसके पूर्व दोपहर बाद से ही सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण व नवयुवक गांव के बाहर शव आने का इंतजार कर रहे थे। सिवान-छपरा हाइवे 531 पर आमडाढी रेलवे क्रॉसिंग से लेकर आमडाढी गांव के प्रवेश द्वार और मांझी-बरौली स्टेट हाइवे पर सड़क के दोनों किनारे ग्रामीण वृद्ध व युवा वर्ग खड़ा होकर शव आने का इंतजार करते दिखे।
बीएसएफ के वरिष्ठ अधिकारियों व जवानों द्वारा ताबूत विभागीय एंबुलेंस से आमडाढी गांव लाया गया। इसके बाद ताबूत को कंधे पर लेकर गांव के बाहर से बीएसएफ जवान के दरवाजे पर पहुंचाया गया। इस दौरान ग्रामीणों की आंखें नम हो गई। वहीं युवाओं ने शहीद जवान अमर रहे, राहुल अमर रहे, जय हिंद…। आदि के नारे लगाए गए। बीएसएफ अधिकारियों के साथ एकमा थानाध्यक्ष राजेश चौधरी व रसूलपुर पुलिस भी मौजूद रही। शव दरवाजे पर पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। इस बीच बीएसएफ के अधिकारियों द्वारा विभागीय व कागजी औपचारिकताएं भी पूरी की गई।
इसके साथ ही भीड़ नियंत्रण हेतु बीएसएफ व बिहार पुलिस के जवानों को मशक्कत करनी पड़ी। इस बीच सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, जिला पार्षद व भाजपा नेता धर्मेंद्र सिंह समाज, प्रो जनार्दन सिंह, भाजपा नेता चैतेन्द्रनाथ सिंह, मुकेश कुमार सिंह, प्रदीप कुमार सिंह पप्पू, सुनील कुमार सिंह, सिवान सांसद पति अजय सिंह, पूर्व मुखिया सुग्रीव सिंह, पूर्व मुखिया ओमप्रकाश सिंह, मुखिया पति भरत सिंह, अंजित ठाकुर, वकील सिंह, राजद नेता अवधेश यादव, राजेश्वर यादव, डॉ अमित कुमार तिवारी, सोनू यादव, जदयू बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव श्रीप्रकाश सिंह उर्फ महेश सिंह, पिता भृगुनाथ सिंह, चाचा शंभुनाथ सिंह, सरपंच राजकिशोर सिंह, मुकुल सिंह, शिक्षक नेता शैलेश कुमार सिंह, जिला पार्षद रुपेश सिंह छोटू, घनश्याम सिंह, प्रफुल्ल सिंह, ब्रजेश सिंह, गामा सिंह आदि ने ताबूत में रखे पार्थिव शरीर पर फूलमाला अर्पित कर अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित किया।
सनद रहे कि किशनगंज में तैनात बीएसएफ जवान राहुल कुमार सिंह (30) अज्ञात कारणों से गोली लगने से गंभीर रुप से घायल हो गया था। बेहतर उपचार हेतु उसे कोलकाता उपचार हेतु भर्ती कराया गया था। जिसकी उपचार के दौरान शुक्रवार को मौत हो गई थी। बीएसएफ जवान राहुल कुमार सिंह उर्फ भोला सिंह आमडाढी गांव निवासी भृगुनाथ सिंह का पुत्र था। कोरोना काल के दौरान कुछ शर्तों के तहत छूट मिलने पर बीते 30 जून को मांझी थाना क्षेत्र के विनोद सिंह की पुत्री रागिनी कुमारी के साथ विवाह हुआ था। वह चार भाई व चार बहनों में वह सबसे बड़ा था। उनके अन्य तीन छोटे भाई क्रमशः भूषण कुमार सिंह, रजत कुमार सिंह, कुणाल कुमार सिंह व एक बहन आरती कुमारी अविवाहित हैं। जबकि तीन बहनों की शादी हो चुकी है।
परिवार का राहुल ही कमाऊं पुत्र था। वृद्ध माता-पिता के बुढापे का भी वही सहारा था। परिवार का भरण-पोषण का भी एक मात्र वही सहारा था।
पार्थिव शरीर का विभागीय बीएसएफ के अधिकारियों, जवानों, बिहार पुलिस कर्मियों व क्षेत्र के गणमान्य लोगों की उपस्थिति में अंतिम संस्कार सोमवार को सरयू नदी के तट पर डुमाईगढ घाट पर किया जाएगा। इस बीच एकमा विधायक श्रीकांत यादव व सारण स्थानीय निकाय एमएलसी प्रत्याशी सुधांशु रंजन ने बीएसएफ जवान के वीरगति को प्राप्त होने पर अपनी गहरी शोक संवेदना प्रकट किया है।


More Stories
मुख्यमंत्री का अमर्यादित हरकत और शर्मनाक समर्थन
छपरा सदर प्रखंड के महाराजगंज पंचायत भवन में होगा विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन
प्रत्येक गुरुवार को जिलाधिकारी उद्यमियों के साथ करेंगे संवाद, उनकी समस्याओं को दूर करने के लिये एवं उद्यम विकास के लिये किया जायेगा सक्रिय सहयोग