एकमा-ताजपुर निर्माणाधीन सड़क पर दुर्घटना को आमंत्रित कर रहे लोहे के दो खंभे
- एकमा विधायक ने आरडब्ल्यूडी के कार्यपालक अभियंता से जताई कड़ी नाराजगी
राष्ट्रनायक प्रतिनिधि।
एकमा/रसूलपुर (सारण)। एक तरफ जहां एकमा-ताजपुर जर्जर सड़क की मरम्मत कार्य को महीनों से अधूरा छोड़ दिया गया है। वहीं दूसरी ओर इस सड़क पर कोहड़गढ़ व सरयूपार गांवों के मध्य सड़क का निर्माण करा रहे ठेकेदार के द्वारा बीच सड़क पर लोहे के दो पोल गाड़ दिए जाने से आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका प्रबल होती जा रही है। विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों की उदासीनता एवं ठेकेदार की घोर लापरवाही के चलते खासकर सर्दी व कोहरा के मौसम के दौरान रात में इस सड़क से होकर गुजरने वाले राहगीरों, दोपहिया सहित चार पहिया वाहन चालकों को चोटिल होना पड़ रहा है। बावजूद इसके महीनों से इस सड़क पर बीचो-बीच गाड़े गए लोहे के खंभे को दुर्घटनाओं से बचने के लिए हटाने की जहमत न तो ठेकेदार ही उठा सका और न विभागीय अधिकारी व कर्मचारी ही इसकी सुधि ले सके हैं। क्षेत्रीय लोगों की शिकायत पर गुरुवार को इस संबंध में एकमा विधायक श्रीकांत यादव द्वारा आरडब्ल्यूडी के कार्यपालक अभियंता के मोबाइल पर संपर्क साधा गया। विधायक श्री यादव से मोबाइल फोन पर वार्ता के दौरान आरडब्ल्यूडी के कार्यपालक अभियंता ने इस तरह की लापरवाही से अपनी अनभिज्ञता प्रकट की। उन्होंने कहा कि मुझे इस तरह की कोई जानकारी नहीं है। इसके बाद विधायक ने कड़ी नाराजगी जताई। जिसके बाद आरडब्ल्यूडी के कार्यपालक अभियंता ने ठेकेदार व संबंधित कर्मियों से संपर्क कर इसे शीघ्र हटाए जाने का आश्वासन दिया है। बहरहाल, मकर संक्रांति स्नान को लेकर गुरुवार को भी दिनभर इस सड़क से होकर वाहनों का आना-जाना लगा रहा। अहले सुबह से लेकर देर शाम तक कई वाहन चालक इस सड़क पर दुर्घटना का शिकार हुए या फिर होते-होते बचे। इतना ही नहीं सड़क के जिस स्थान पर लोहे के दो पोल सड़क निर्माण के दौरान गाड़े गए हैं, उसके बगल में सड़क किनारे गड्ढा भी खुदा हुआ है। जिसके चलते दिन में भी राहगीरों और वाहन चालकों को काफी मुश्किल से यात्रा करनी पड़ती है। वहीं दूसरे फेज में सरयूपार से एकमा बाजार तक इस सड़क का निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है। जिससे लोगों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है।


More Stories
मुख्यमंत्री का अमर्यादित हरकत और शर्मनाक समर्थन
छपरा सदर प्रखंड के महाराजगंज पंचायत भवन में होगा विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन
प्रत्येक गुरुवार को जिलाधिकारी उद्यमियों के साथ करेंगे संवाद, उनकी समस्याओं को दूर करने के लिये एवं उद्यम विकास के लिये किया जायेगा सक्रिय सहयोग