पुलिस अधिकारियों द्वारा फोन नहीं उठाने से सूबे में बढ रहे अपराध व उनके मनोबल: चिराग पासवान
छपरा/एकमा (के. के. सिंह सेंगर/अमित सिंह/वीरेश सिंह/विनीत सिंह)। सूबे में अपराधियों का मनोबल काफी बढ़ गया है। यह हम सभी के लिए चिंता का विषय है। यह हमारे मुख्यमंत्री, जो प्रदेश के गृहमंत्री भी हैं। उनके लिए भी चिंता का विषय होना चाहिए। अपराध पर नियंत्रण की सूबे के सीएम व पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारी है। यह बात लोजपा प्रमुख श्री पासवान ने इंडिगो के पटना स्टेशन मैनेजर दिवंगत रुपेश कुमार सिंह के परिजनों को मंगलवार को जलालपुर के संवरी बख्श गांव में पहुंच कर सांत्वना देने के बाद एकमा गांव स्थित एकमा विधानसभा के पूर्व लोजपा प्रत्याशी कामेश्वर कुमार सिंह मुन्ना के आवास परिसर में पहुंचने पर पत्रकार वार्ता के दौरान कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अपराधियों में जब तक पुलिस प्रशासन व सरकार का भय नहीं होगा। तबतक अपराध पर नियंत्रण नहीं होगा। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा फोन नहीं उठाने के चलते भी बिहार में अपराध बढ रहा है। अपराधिक घटना होने के बाद उनको सूचना देने के लिए पीड़ित द्वारा फोन करने पर पीड़ितों के फोन नहीं उठाते हैं। इसके चलते भी अपराध बढ़ रहा है। क्योंकि अपराधियों को मालूम होता है कि जब हम घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो जाएंगे। क्योंकि इतनी जल्दी पुलिस उनका कुछ नहीं कर सकती है। क्योंकि यहां की पुलिस किसी का फोन जल्दी नहीं उठाती है। इसी का लाभ बिहार के अपराधियों को मिल रहा है।

10 बार डीजीपी को कॉल किया, लेकिन रिसीव नहीं हुआ: चिराग पासवान:
उन्होंने कहा कि आज ही दिवंगत रुपेश सिंह के घर जलालपुर से लगातार करीब 10 बार मैंने प्रदेश के डीजीपी को कॉल किया। लेकिन उनका कॉल ही नहीं रिसीव हुआ।श्री पासवान ने कहा कि काफी लंबे समय से हम लोग देख रहे हैं कि जिस तरह से अपराध पर नियंत्रण होना चाहिए। उस तरह से नहीं हो रहा है। बीते कुछ सालों में सूबे में अपराध का ग्राफ कम हुआ था। लेकिन हाल फिलहाल में पुनः अपराध बिहार में बढ़ा है। उन्होंने कहा कि राजधानी पटना में जहां शासन-प्रशासन सहित सूबे के मुख्यमंत्री व मंत्री रहते हैं। उस पॉश इलाके में हत्याओं का होना यह दर्शाता है कि अपराधियों के मन में डर नहीं है। राजधानी पटना के पॉश इलाके में रूपेश कुमार सिंह की हत्या के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए आराम से चले जाते हैं। यह वारदात यही बताती है कि बिहार के मुख्यमंत्री का अपराध पर नियंत्रण नहीं है। यहां के पुलिस का इकबाल खत्म हो गया है। रूपेश हत्याकांड के आठ दिन गुजर जाने के बाद भी पुलिस किसी को गिरफ्तार करना तो दूर, अबतक वह हत्याकांड का कोई सुराग तक नहीं पहुंची है। इसी से अनुमान लगाया जा सकता है कि हमारी सरकार क्या कर रही है। अपराधियों का यहां कुछ भी होने वाला नहीं है।

बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट: चिराग:
एक प्रश्न के जवाब में लोजपा प्रमुख चिराग पासवान ने कहा कि मेरे पिताजी ने कहा था कि जब भी कोई सरकार बने। उसके छह महीने तक सिर्फ देखना चाहिए कि सरकार किस तरह से काम कर रही है। मैं भी वही कर रहा हूं। उन्होंने कहा कि हमारे पिताजी काफी समय तक केन्द्रीय मंत्रीमंडल में रहे हैं। हमारा और हमारे परिवार के लिए केंद्र सरकार में मंत्री पद पर रहना कोई विशेष मायने नहीं रखता है। कहा कि भाजपा के साथ हमारा संबंध है और आगे भी रहेगा। बहरहाल, मेरा ध्यान केंद्र की राजनीति में नहीं बल्कि बिहार पर केंद्रित है। मेरा नारा भी बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट रहा है।
कामेश्वर सिंह मुन्ना को प्रदेश संगठन में मिलेगी अहम जिम्मेदारी:
पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए श्री पासवान ने कहा कि एकमा के पूर्व लोजपा प्रत्याशी कामेश्वर कुमार सिंह मुन्ना को प्रदेश में अहम जिम्मेदारी दी जाएगी। इसके अलावा जितने लोगों ने भी लोजपा संगठन के लिए अपना योगदान दिया है। उन सभी को संगठन में समुचित सम्मानजनक जिम्मेवारी दी जाएगी।

कामेश्वर मुन्ना ने चिराग को शाल ओढाकर किया सम्मानित:
एकमा विधानसभा के लोजपा के पूर्व प्रत्याशी कामेश्वर कुमार सिंह मुन्ना द्वारा अपने आवास पर पहुंचे लोजपा प्रमुख चिराग पासवान को पुष्ट गुच्छ भेंटकर व शाल ओढाकर सम्मानित किया। वहीं इसके पहले एकमा की सीमा पर छपरा-सिवान हाइवे 531 पर स्थित माने गांव के समीप लोजपा समर्थक कार्यकर्ताओं ने गर्म जोशी के साथ फूल-माला पहनाकर हार्दिक स्वागत किया। इस अवसर पर लोजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह, लोजपा युवा जिलाध्यक्ष पूर्णेन्दु सिंह, एकमा विधानसभा क्षेत्र के लोजपा के पूर्व प्रत्याशी कामेश्वर कुमार सिंह मुन्ना, बनियापुर विधानसभा क्षेत्र के लोजपा के पूर्व प्रत्याशी तारकेश्वर सिंह, लोजपा के प्रखंड अध्यक्ष नीरज दुबे के अलावा जितेंद्र मिश्र, रामविचार मांझी, ओमप्रकाश सिंह, प्रो. शैलेश राय, प्रो. अजय तिवारी, रौशन सिंह, विकास सिंह, रुद्र प्रताप सिंह, हरेंद्र ठाकुर, राघव पांडेय, रणधीर सिंह, हरेंद्र शर्मा, अजय सिंह आदि मौजूद थे।


More Stories
सारण के सांसद रूडी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की हुई बैठक, विकास योजनाओं पर हुई चर्चा
कार्यपालक सहायकों ने स्थायीकरण की मांग को ले दी चरणबद्ध आंदोलन व अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
चुनाव आयोग की मनमानी और अलोकतांत्रिक कार्रवाई के विरुद्ध सी पी आई(एम) ने निकाला प्रतिरोध मार्च, डीएम को ज्ञापन सौंपा