विद्युत विच्छेद के बाद चोरी से बिजली का उपयोग कर रहे चार व्यक्तियों पर प्राथमिकी दर्ज
राष्ट्रनायक न्यूज।
तरैया (सारण)। थाना क्षेत्र के नारायणपुर एवं रामपुर केशव गांव में विद्युत शुल्क बकाया होने के कारण विभाग द्वारा विद्युत विच्छेद की कार्रवाई के बाद भी चोरी से बिजली का उपयोग कर रहे चार व्यक्तियों को विद्युत कनीय अभियंता ने पकड़ा है। इस सम्बंध में विद्युत आपूर्ति प्रशाखा तरैया के कनीय विद्युत अभियंता सुजीत कुमार ने तरैया थाने में एक प्राथमिकी दर्ज कराई है। जिसमें कहा गया है कि पूर्व में नारायणपुर निवासी अनिल कुमार सिंह का विद्युत शुल्क 33950 रुपये, रामपुर केशव निवासी फुल मोहम्मद का विद्युत शुल्क 13607 रुपये, छबीनाथ मांझी का विद्युत शुल्क 6240 रुपये, कल्पनानाथ मांझी का विद्युत शुल्क 9121 रुपये बकाया होने के कारण इन व्यक्तियों का विद्युत विच्छेद की कार्रवाई की गई थी। उक्त सभी व्यक्तियों ने बिना बकाया विद्युत शुल्क जमा किये चोरी से टोका फंसा कर बिजली का उपयोग करते हुए पकड़े गए हैं। जिस कारण नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कम्पनी लिमिटेड को एक लाख चौहत्तर हजार पांच सौ छियासठ रुपये राजस्व की क्षति हुई है। उक्त सभी व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 एवं अन्य सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।


More Stories
मुख्यमंत्री का अमर्यादित हरकत और शर्मनाक समर्थन
छपरा सदर प्रखंड के महाराजगंज पंचायत भवन में होगा विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन
प्रत्येक गुरुवार को जिलाधिकारी उद्यमियों के साथ करेंगे संवाद, उनकी समस्याओं को दूर करने के लिये एवं उद्यम विकास के लिये किया जायेगा सक्रिय सहयोग