शिक्षा की ललक ऐसी की प्रसव के तुरंत बाद इंटर की परीक्षा में शामिल हुई महिला
तरैया (सारण)। प्रखंड के नारायणपुर निवासी इंटरमीडिएट की एक परीक्षार्थी को प्रसव के तुरंत बाद ही हॉस्पिटल से डिस्चार्ज होकर अपने नवजात बच्ची को साथ लेकर परीक्षा देने के लिए छपरा जाना पड़ा। यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। प्राप्त सूचना के अनुसार पानापुर प्रखंड के टोटहां जगतपुर निवासी राजदेव राय की पुत्री कुसुम कुमारी की शादी पिछले वर्ष ही तरैया प्रखंड के नारायणपुर निवासी मालिक राय से हुई थी। उस समय कुसुम इंटर की पढ़ाई कर रही थी एवं ससुराल आकर भी पढ़ाई जारी रखते हुए इंटर का फॉर्म भरने के समय में मायके जाकर डुमरसन स्थित हाई स्कूल से परीक्षा का फॉर्म भरा था। अभी 1 फरवरी से शुरू हुई इंटर की परीक्षा में कला संकाय की छात्रा कुसुम कुमारी का पहला पेपर भूगोल का 2 फरवरी को होना था। लेकिन 1 फरवरी की रात से ही प्रसव पीड़ा होने की वजह से परिजनों ने आनन-फानन में आज सुबह रेफरल अस्पताल तरैया में भर्ती कराया एवं अस्पताल पहुंचने के तुरंत बाद ही कुसुम ने एक पुत्री को जन्म दिया। साधारण डिलीवरी होने की वजह से एवं जच्चा बच्चा दोनों का स्वास्थ्य संतोषप्रद देखने के बाद पढ़ाई के प्रति जागरूक परिजनों को परीक्षा की चिंता हुई स्वयं कुसुम ने भी किसी भी तरह परीक्षा में शामिल होने की इच्छा जताई उसके बाद परिजनों ने तुरंत ही छपरा स्थित गांधी हाई स्कूल के सेंटर पर पहुंचने के लिए वाहन का व्यवस्था किया। विशेष परिस्थिति को देखते हुए आवश्यक दवाओं के साथ तुरंत ही अस्पताल प्रशासन द्वारा डिस्चार्ज कर दिया गया। कड़ाके की ठंड के बावजूद इस विषम परिस्थिति में भी परीक्षार्थी द्वारा अपनी नवजात बच्ची के साथ परीक्षा में शामिल होने को लेकर क्षेत्र भर में इस बात की चर्चा रही लोग बाग शिक्षा के प्रति परीक्षार्थी एवं उसके परिवार के लोगों की लगन एवं निष्ठा की सराहना करते दिखे।


More Stories
मुख्यमंत्री का अमर्यादित हरकत और शर्मनाक समर्थन
छपरा सदर प्रखंड के महाराजगंज पंचायत भवन में होगा विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन
प्रत्येक गुरुवार को जिलाधिकारी उद्यमियों के साथ करेंगे संवाद, उनकी समस्याओं को दूर करने के लिये एवं उद्यम विकास के लिये किया जायेगा सक्रिय सहयोग