विधायक ने किया पंचायत सरकार भवन का शिलान्यास
राष्ट्रनायक प्रतिनिधि।
अमनौर (सारण)। पंचायती राज विभाग के योजनांतर्गत ग्राम पंचायत राज मदारपुर में रविवार को पंचायत सरकार भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। शिलान्यास कार्य का शुभारंभ अमनौर विधायक कृष्ण कुमार उर्फ मंटू सिंह व मुखिया सोनी कुमारी द्वारा विधिवत तरीके से पूजन कर किया गया। शिलान्यास के शुभारंभ के दौरान ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक श्री सिंह ने बताया कि पंचायत सरकार भवन के निर्माण होने से सरकार द्वारा चलायी जा रही सभी योजनाओं व कार्यों का निष्पादन पंचायत स्तर पर ही होने लगेगा। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण स्तर पर विकास को बढ़ावा दे रही है, जिससे बिहार विकास की ओर बढ़ सके। वहीं मुखिया प्रतिनिधि उमेश सिंह ने कहा की जहां पहले पंचायत के लोगों को किसी भी कार्य को करने के लिए प्रखंड व अंचल कार्यालय के चक्कर लगाना पड़ता था। इस भवन के निर्माण के बाद से सभी कार्यों को यहीं से निष्पादित किया जाने लगेगा। साथ ही उक्त भवन के निर्माण बाद यहां आरटीपीएस काउंटर के साथ-साथ मुखिया, पंचायत सचिव, विकास मित्र, किसान सलाहकार सहित अन्य विभाग के कर्मी बैठकर आम लोगों के काम का निपटारा करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुखिया प्रतिनिधि उमेश सिंह तथा संचालन मनु कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर उपमुखिया सिमा देवी, सरपंच प्रतिनिधि रामनरेश तिवारी, वार्ड सदस्य महावीर मेहता, विरेन्द्र राय, विद्या मांझी, गंगा मांझी, सोहन शर्मा, शिक्षक प्रभुनाथ सिंह, संतोष पटेल, समिति सदस्य कोरेया जयराम कुमार महतो, डॉ. चंद्रमोहन सिंह, शशिभूषण सिंह, अखिलेश सिंह सहित समस्त पंचायत की जनता, पंचायत समिति सदस्य, वार्ड सदस्य मौजूद रहें।


More Stories
मुख्यमंत्री का अमर्यादित हरकत और शर्मनाक समर्थन
छपरा सदर प्रखंड के महाराजगंज पंचायत भवन में होगा विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन
प्रत्येक गुरुवार को जिलाधिकारी उद्यमियों के साथ करेंगे संवाद, उनकी समस्याओं को दूर करने के लिये एवं उद्यम विकास के लिये किया जायेगा सक्रिय सहयोग