बिहार प्रदेश प्रशिक्षण प्रभारी ने किया भाजपा कार्यकर्ताओं का प्रबोधन

संजय सिंह सेंगर की रिर्पोट। राष्ट्रनायक प्रतिनिधि।
छपरा (सारण)। जिले के तरैया प्रखंड के बेनीपुरी नगर में स्थित योगीराज देवराहा बलदेव सिंह महाविद्यालय के प्रांगण में चल रहे भाजपा के दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन पार्टी के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रशिक्षण शिविर के प्रदेश प्रभारी मृत्युंजय झा ने प्रशिक्षण वर्ग में उपस्थित कार्यकर्ताओं को प्रबोधन किया।प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन पार्टी के प्रदेश प्रशिक्षण प्रभारी श्री झा एवं स्थानीय विधायक सह बिहार विधानसभा में सत्तारूढ़ दल के उप मुख्य सचेतक जनक सिंह एवं मंडल भाजपा अध्यक्ष रामाधार सिंह द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित करके कार्यक्रम के दूसरे दिन का शुभारंभ करने के बाद विधायक श्री सिंह की अध्यक्षता में चले पांचवें सत्र में प्रदेश प्रशिक्षण प्रभारी श्री झा द्वारा पार्टी के सैद्धांतिक अधिष्ठान का विषय रखा गया। प्रशिक्षण वर्ग में उपस्थित प्रशिक्षुओं को सैद्धांतिक अधिष्ठान के विषय बताते हुए श्री झा ने कहा कि हमारी पार्टी का अधिष्ठान कोई व्यक्ति या नेता विशेष नहीं है, ना ही परिवार है ना ही वंशवाद ना ही जाति एवं मजहब है, हमारा अधिष्ठान सिद्धांत में है और हमारे सिद्धांत की अभिव्यक्ति भारत माता की जय उद्घोष से होती है और यही उद्घोष हमारे सिद्धांत का बीजभूत आधार है इसलिए हमको और हमारी पार्टी को राष्ट्रवादी कहा जाता है। आगे उन्होंने कहा कि पंचनिष्ठा के सैद्धांतिक आधार पर ही भाजपा का निर्माण हुआ है और समय के साथ यह महसूस किया गया कि भारतीय संस्कृति की मूलनिष्ठा को व्यक्त करने वाला समग्र विचार जो भारतीय जनसंघ ने 1965 में विजयवाड़ा में एकात्ममानववाद के रूप में स्वीकार किया था और पुनः भाजपा ने 1985 की राष्ट्रीय परिषद में एकात्ममानववाद को अपना मूलभूत दर्शन के रूप में स्वीकार किया। पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता हरिशंकर सिंह की अध्यक्षता में छट्ठे सत्र में चले प्रशिक्षण वर्ग में उपस्थित कार्यकर्ताओं के समक्ष स्थानीय पत्रकार संजय सिंह सेंगर ने व्यक्तित्व विकास एवं सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग का विषय रखा एवं व्यक्तित्व विकास को निजी एवं सामाजिक जीवन के लिए अत्यंत ही आवश्यक बिंदु बताते हुए सोशल मीडिया का उपयोग प्रभावी तरीके से करने के विषय में बताया। सोशल मीडिया के विषय में विस्तार से बताते हुए उन्होंने कहा कि अभी तक जिंदगी में हर प्रकार की शिक्षा हमने अपने माता-पिता अभिभावक एवं गुरुजनों से प्राप्त किया है लेकिन सोशल मीडिया के रूप में यह पहला विषय आपके सामने हैं जिसे आप को अपने से कम उम्र के लोगों से सीखना है, और अपने से कम उम्र के लोगों से इस विषय की जानकारी प्राप्त करने में हो रही संकोच और झिझक की वजह से ही हम लोग इस मामले में पीछे रह जाते हैं और सोशल मीडिया के प्रभावी तरीके से उपयोग नहीं कर पाते हैं। सातवें और अंतिम सत्र में अधिवक्ता मनोज कुमार की अध्यक्षता में पार्टी के जिला उपाध्यक्ष सह सिवान जिला प्रभारी रंजीत कुमार सिंह ने 2014 के बाद भारत की राजनीति में बदलाव और भाजपा एवं हमारा दायित्व विषय को रखा। 2014 के बाद भारत की राजनीति में आए बदलाव के विषय में उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव 2014 में इतिहासिक विजय प्राप्त करने के बाद हमारी सरकार ने गरीबों पिछड़ों दलितों वंचितों एवं शोषितों के विकास और उनके उत्थान के लिए पिछले 6 वर्षों के दौरान अनेक महत्वपूर्ण पहलें करते हुए कई ऐतिहासिक निर्णय लिए और अनेक ऐसी योजनाएं चलाई जिससे हमारे देश में आमूलचूल परिवर्तन हुआ है। सात सत्रों में चले दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के सातों सत्र समाप्त होने पर राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन से पूर्व प्रशिक्षण शिविर में सम्मिलित हुए सभी पार्टी पदाधिकारियों को अंग-वस्त्र से सम्मानित करते हुए स्थानीय विधायक श्री सिंह ने कहा कि आप लोगों के लिए मंडल स्तर पर पार्टी द्वारा यह प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने का उद्देश्य है कि आप लोग यहां से प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद अपने शक्ति केंद्र स्तर पर बूथ स्तर कर सके और इसी प्रकार से ज्योति से ज्योति जलाने का यह अभियान आगे बढ़ता रहेगा। मौके पर प्रशिक्षण शिविर के तरैया मंडल प्रभारी सह पार्टी के किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष हरेंद्र सिंह, महामंत्री जोगेंद्र सिंह कुशवाहा, कुमार संजीव रंजन उर्फ राजा सिंह, बीरबली सिंह पटेल, उपेंद्र सिंह सरपंच, सुरेश सिंह, कौशल किशोर सिंह, कुमुद रंजन समेत सैकड़ों लोग उपस्थित थे।


More Stories
मुख्यमंत्री का अमर्यादित हरकत और शर्मनाक समर्थन
छपरा सदर प्रखंड के महाराजगंज पंचायत भवन में होगा विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन
प्रत्येक गुरुवार को जिलाधिकारी उद्यमियों के साथ करेंगे संवाद, उनकी समस्याओं को दूर करने के लिये एवं उद्यम विकास के लिये किया जायेगा सक्रिय सहयोग