- दो दिन पहले छत्तीसगढ़ से घर लौटा था
- एक दिन पहले रिपोर्ट आयी थी कोरोना पॉजिटिव
राष्ट्रनायक प्रतिनिधि।
एकमा/रसूलपुर (सारण)। रसूलपुर थाना क्षेत्र में आमडाढ़ी पंचायत के पांडेय छपरा गांव में एक 42 वर्षीय कोरोना पॉजिटिव मरीज की मोत हो गई। उसके पार्थिव शरीर का शुक्रवार की दोपहर गांव से बाहर एक बाग के समीप सुरक्षित स्थान पर कोविड-19 प्रोटोकॉल के तहत बीडीओ डॉ. कुन्दन, सीओ कुमारी सुषमा, रसूलपुर थानाध्यक्ष प्रभाकर कुमार भारती, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. साजन कुमार, डॉ. अमित कुमार तिवारी, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक राजू कुमार, मुखिया प्रतिनिधि भरत सिंह, एलटी सुनील कुमार गुप्ता, तकनीकी सहायक ज्योतिष कुमार, शिक्षक कमल कुमार सिंह, पत्रकार अमित कुमार सहित परिजनों आदि की मौजूदगी में अंतिम संस्कार कर दिया गया। इसके पूर्व मृतक के शरीर से आरटीपीसीआर सैंपल लेकर छपरा सदर अस्पताल भेजा गया। बताया गया है कि रसूलपुर थाना क्षेत्र के पांडेय छपरा गांव निवासी दिनेश कुमार प्रसाद (42) बीते दो दिन पहले ही छत्तीसगढ़ के भिलाई से मजदूरी करके पत्नी व अपने दो बच्चों के साथ घर लौटा था। वहीं एक दिन पहले गुरुवार को एकमा सीएचसी में उसकी कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आयी थी। वह अपने चार भाईयों में सबसे बड़ा था। उसकी 20 साल पहले शादी हुई थी।
मुखिया ने की आर्थिक सहायता
आमडाढ़ी पंचायत की मुखिया चंदा सिंह के प्रतिनिधि भरत सिंह ने मृतक के परिजनों को अपने निजी सहायता के रुप में पांच हजार रुपये की सहायता शव के अंतिम संस्कार व अन्य क्रिया कर्म के लिए तत्काल उपलब्ध करायी है।
मृतक के परिजनों सहित 40 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आयी
पांडेय छपरा गांव में कोरोना पॉजिटिव मरीज की मौत के बाद मृतक के परिजनों सहित आसपास के 40 लोगों का रैपिड एंटीजन किट द्वारा कोविड-19 जांच किया गया। जिसमें सभी की रिपोर्ट कोरोना नेगेटिव पाई गई।



More Stories
मुख्यमंत्री का अमर्यादित हरकत और शर्मनाक समर्थन
छपरा सदर प्रखंड के महाराजगंज पंचायत भवन में होगा विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन
प्रत्येक गुरुवार को जिलाधिकारी उद्यमियों के साथ करेंगे संवाद, उनकी समस्याओं को दूर करने के लिये एवं उद्यम विकास के लिये किया जायेगा सक्रिय सहयोग