पंकज कुमार सिंह। राष्ट्रनायक न्यूज।
मशरक (सारण)। प्रखंड के विभिन्न गांवों के मंदिरों या गांवों में सार्वजनिक स्थानों पर अवस्थित वट वृक्ष के नीचे अमावस्या पर सोमवार को महिलाओं ने उपवास रखा और वट सावित्री का विधि-विधान के साथ पूजन किया। इसके बाद मंदिरों में जाकर अटल सौभाग्य की कामना के साथ माथा टेककर पूजा-अर्चना की।वट अमावस्या पर वट सावित्री व्रत की घरों में तैयारियां सुबह से ही शुरू हो गईं। महिलाओं ने घरों में पूजा स्थलों की सफाई की। देवी-देवताओं की मूर्तियों को स्नान कराने के बाद उन्हें नए वस्त्र पहनाए। इसके बाद घरों में पूजन की तैयारियां शुरु हुईं। पूजन की सारी तैयारियां पूरी हाने पर पूजा की थाली के साथ पारंपरिक ढंग से पूजा-अर्चना करने के लिए महिलाएं वट वृक्ष के नीचे एकत्र हुईं। वट वृक्ष की सभी ने कोरोना संक्रमण को लेकर सोशल डिस्टेंस का पालन करते हुए विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की।वट वृक्ष पर कच्चे सूत का धागा लपेटते हुए उसके चारों ओर परिक्रमा कर अपने सुहाग की दीर्घायु के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। इस दौरान वट वृक्ष के नीचे बैठकर महिलाओं ने वट सावित्री व्रत की कथा सुनी। कुछ महिलाओं ने कोरोना संक्रमण को देखते हुए वट वृक्ष के पत्तों का घरों पर ही विधि-विधान के साथ पूजन किया। इसके बाद घर की बुजुर्ग महिलाओं का चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया और सुहाग की दीर्घायु की ईश्वर से कामना कर विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई। मौके पर आचार्य वाचस्पति तिवारी ने बताया कि अमावस्या तिथि के दिन वटवृक्ष की पूजा का विधान है। शास्त्रों में कहा गया है कि इस दिन वटवृक्ष की पूजा से सौभाग्य एवं स्थायी धन और सुख-शांति की प्राप्ति होती है। संयोग की बात है कि इसी दिन शनि महाराज का जन्म हुआ है और सावित्री ने यमराज से अपने पति सत्यवान के प्राण की रक्षा की थी।इस व्रत को करने से सुखद और संपन्न दाम्पत्य का वरदान मिलता है।मान्यता है कि वटसावित्री का व्रत सम्पूर्ण परिवार को एक सूत्र में बांधे रखता है। वट वृक्ष (बरगद) एक देव वृक्ष माना जाता है। बताया जाता है कि ब्रह्मा, विष्णु, महेश और सावित्री वट वृक्ष में ही रहते हैं।


More Stories
मुख्यमंत्री का अमर्यादित हरकत और शर्मनाक समर्थन
छपरा सदर प्रखंड के महाराजगंज पंचायत भवन में होगा विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन
प्रत्येक गुरुवार को जिलाधिकारी उद्यमियों के साथ करेंगे संवाद, उनकी समस्याओं को दूर करने के लिये एवं उद्यम विकास के लिये किया जायेगा सक्रिय सहयोग