संजीव शर्मा। राष्ट्रनायक न्यूज।
मांझी (सारण)। उत्क्रमित मध्य विद्यालय सलेमपुर के परिसर में तीन दिनों से गिरे पड़े बीमार विक्षिप्त ने इलाज के अभाव में तड़प-तड़प कर आखिर कार दम तोड़ दिया। पूर्व जिप सदस्य धर्मेन्द्र सिंह समाज तथा फिर मांझी के थानाध्यक्ष ओमप्रकाश चौहान के आग्रह पर भी मांझी स्वास्थ्य प्रशासन ने नोटिस नही ली। मानवीय संवेदना उस वक्त तार तार होकर रह गई जब मृत विक्षिप्त व्यक्ति के शव को नोच नोच कर कर खा रहे कुत्तों को ग्रामीणों ने भगाया। सूचना पाकर रविवार की सुबह पहुंचे मांझी के थानाध्यक्ष की देखरेख जेसीबी के सहारे क्षत विक्षत शव को दफना दिया गया। यह किसी फिल्म की पटकथा नही बल्कि मांझी की संवेदनहीन सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था का जीता जागता उदाहरण है। मिली जानकारी के अनुसार पूर्व जिप सदस्य धर्मेन्द्र सिंह समाज ने तीन दिनों पूर्व मांझी के थानाध्यक्ष तथा मांझी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ रोहित कुमार को फोन करके सलेमपुर उत्क्रमित मध्य विद्यालय परिसर में एक अज्ञात विक्षिप्त के गिरे पड़े होने की सूचना दी थी। तथा उसका बीडीओ सोशल मीडिया पर भी वायरल किया था। उन्होंने बीमार विक्षिप्त को खिलाने- पिलाने का प्रयास भी किया था लेकिन उसने खाना नही खा पाने का इशारा कर मना कर दिया था। थानाध्यक्ष ने भी चिकित्सा पदाधिकारी को फोन करके एम्बुलेंस के सहारे बीमार विक्षिप्त को इलाज हेतु पीएचसी में एडमिट कराने का अनुरोध किया था। मगर लापरवाह स्वास्थ्य प्रशासन ने उनके आग्रह को भी गम्भीरता से नही लिया। अंततः शनिवार की रात बीमार विक्षिप्त ने विद्यालय कैम्पस में हीं दम तोड़ दिया। ग्रामीणों ने रविवार की सुबह पुलिस को बीमार विक्षिप्त की मौत की सूचना पुलिस तथा स्वास्थ्य विभाग को दी। हालांकि स्वास्थ्य विभाग का कोई भी कर्मचारी मौके पर नही पहुंचा। ग्रामीणों ने शव का पोस्टमार्टम कराने का आग्रह भी किया। लेकिन पुलिस ने मृतक के कोरोना संक्रमित होने की आशंका के मद्देनजर पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। मानवता को झकझोर देने वाली इस घटना से नाराज ग्रामीणों ने छपरा के सिविल सर्जन को फोन कर मांझी पीएचसी कर्मियों पर संवेदन हीनता का आरोप लगाया। बाद में थानाध्यक्ष के समझाने बुझाने के बाद ग्रामीण शव को दफनाने पर राजी हो गए। उसके बाद पुलिस ने जेसीबी की सहायता से क्षत- विक्षत शव को पास की ही सरकारी जमीन में दफना दिया। मौके पर पूर्व जिप सदस्य धर्मेन्द्र सिंह समाज जदयू नेता निरंजन सिंह अरविंद सिंह अनूप कुमार सिंह उपेन्द्र कुमार यादव बिनोद सिंह तथा राजेश सिंह आदि अनेक लोग मौजूद थे।


More Stories
मुख्यमंत्री का अमर्यादित हरकत और शर्मनाक समर्थन
छपरा सदर प्रखंड के महाराजगंज पंचायत भवन में होगा विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन
प्रत्येक गुरुवार को जिलाधिकारी उद्यमियों के साथ करेंगे संवाद, उनकी समस्याओं को दूर करने के लिये एवं उद्यम विकास के लिये किया जायेगा सक्रिय सहयोग