मांझी(सारण)- दाउदपुर थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग स्थानों पर हल्की बूंदा-बूंदी के बीच शनिवार की दोपहर तेज गर्जना के साथ मौत बन कर गिरे ठनके ने एक किसान व एक मजदूर की जान ले ली। उसके बाद बारिश भी बंद हो गई। घटना के बाद लोगों में भगदड़ मच गई। बड़ी सख्या में लोग घटना-स्थल पर जुट गए। इस बीच लोगों के द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दी। दोनों शवों को दाउदपुर थाने पर लाने के थानाध्यक्ष सुजीत कुमार चौधरी ने पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया। घटना की सूचना मिलते ही दोनों मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। देखते ही देखते क्षेत्र माहौल मातमी हो गया। दोनों घटना एक ही समय पर हुई। मृतकों में आदर्श ग्राम बरेजा निवासी गणेश राम के 60 वर्षीय पुत्र राज किशोर राम व बरवां गांव निवासी भिखारी सिंह के 59 वर्षीय पुत्र उदय प्रताप सिंह शामिल हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार बरेजा गांव निवासी किसान राज किशोर राम गांव के बाहर सोना बागी के पास खेत में पम्पिंग सेट से गेंहूँ की सिंचाई कर रहे थे। वहीं बरवां गांव निवासी उदय प्रताप सिंह इनायतपुर स्थित डीजल राय के ईंट भट्ठे पर मजदूर थे और कौड़ी बांटने का काम कर रहे तभी हल्की बूंदा-बूंदी होने के साथ आसमानी बिजली कड़कने लगी। कुछ ही मिनट बाद तेज तेज कड़कड़ाहट के साथ के साथ बिजली कौंधी और तड़का गिर पड़ा। जिसके चपेट में दोनों व्यक्ति आकर लुढ़क पड़े। आस-पास खेतों में काम करने वाले लोग जहां दौड़े वहीं ईंट भट्ठे पर अन्य मजदूरों में भगदड़ मच गई। पास जाकर लोगों ने देखा तो दोनों की घटना-स्थल पर हीं मौत हो चुकी थी। बरेजा पंचायत के मुखिया राजीव कुमार सिंह व इनायतपुर के मुखिया प्रतिनिधि सुभाष ठाकुर ने बताया कि तत्काल मृतक के परिजनों को कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत नगद राशि प्रदान की गई है।
तड़का गिरने के बाद मौत की खबर दोनों मृतकों के परिजनों को मिली तो परिवार में हाहाकार मच गया। मृतक राज किशोर राम की पत्नी सूनैना देवी तथा उदय प्रताप सिंह की पत्नी आशा देवी की हृदय विदारक चीख- चीत्कार से गांव में मातम छा गया। सबकी आँखें भर आई। उदय प्रताप के वृद्ध पिता भिखारी सिंह फफक-फफक कर रो रहे थे। उनके सामने बेटे की मौत असहय था। मुहल्ले के लोग समझाने में लगे थे। भिखारी सिंह ने बताया कि मेरे पांच पुत्रो में उदय सबसे बड़ा था। जो सबसे अधिक परिवार का ख्याल रखता था। उदय के दो पुत्र 26 वर्षीय आंनद कुमार व 20 वर्षीय पप्पू कुमार है।


More Stories
मुख्यमंत्री का अमर्यादित हरकत और शर्मनाक समर्थन
छपरा सदर प्रखंड के महाराजगंज पंचायत भवन में होगा विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन
प्रत्येक गुरुवार को जिलाधिकारी उद्यमियों के साथ करेंगे संवाद, उनकी समस्याओं को दूर करने के लिये एवं उद्यम विकास के लिये किया जायेगा सक्रिय सहयोग