राष्ट्रनायक न्यूज।
तरैया (सारण)। आम आदमी पर इस समय महंगाई का चौतरफा वार शुरू हो गया है। एक तरफ डीजल पेट्रोल व रसोई गैस की कीमतों में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है, जिससे लोगों का बजट बिगड़ते जा रहा है। वहीं दूसरी तरफ जरूरी सामान और खाद्य पदार्थों के अलावा सभी हरी सब्जियों की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी होने के कारण मध्यम व निम्न वर्गीय परिवार के लोगों की थाली से सब्जी गायब होने लगी है और थाली का स्वाद बिगड़ने लगा है। आलू और प्याज से बनने वाले चोखे पर भी अब शामत आने लगी है। महंगाई की मार से इस समय आम आदमी की कमर टूट चुकी है। लगातार बारिश से सब्जी की खेती बर्बाद हो गई है और बाहर से सब्जी लाकर व्यवसायी मनमाने दामों पर बेच रहे हैं। वर्तमान में एक भी सब्जी ऐसा नहीं है जिसकी कीमत 40 से 60 के नीचे हो। तरैया बाजार में बिक रहे सब्जियों के खुदरा मूल्य के अनुसार आलू 30 रुपये किलो प्याज 30 से 40 रूपये किलो बिक रहा है। वही बरसात का मौसम शुरू होते हीं हरी सब्जियों की कीमतें भी बढ़ गई है। लगभग 15- 20 दिन पूर्व भिंडी 25 रुपये की जगह अब 40 रुपये किलो बोरो 30 की जगह 50 से 60 रुपये किलो, बैगन 25 से बढ़कर 40 से 50 रुपये किलो, कच्चा केला 30 की जगह 50 और 60 रुपये प्रति दर्जन बिक रहा है। कुनरी जो बाजार का सबसे सस्ता सब्जी माना जाता है। उसका भी रेट 40 रुपये किलो हो गया है। साथ में इन सब्जियों को बनाने वाला सरसो तेल और रिफाइन का भी रेट आसमान छू रहा है जिससे मध्यम व निम्न वर्ग के लोगों का जायका बिगड़ गया है। लोग काफी परेशान हैं और सब्जी बाजार पर व्यवसायियों और कालाबाजारिओं का वर्चस्व कायम है।


More Stories
मुख्यमंत्री का अमर्यादित हरकत और शर्मनाक समर्थन
छपरा सदर प्रखंड के महाराजगंज पंचायत भवन में होगा विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन
प्रत्येक गुरुवार को जिलाधिकारी उद्यमियों के साथ करेंगे संवाद, उनकी समस्याओं को दूर करने के लिये एवं उद्यम विकास के लिये किया जायेगा सक्रिय सहयोग