नयी दिल्ली, (एजेंसी)। अफगानिस्तान के 34 में से 33 प्रांत पर तालिबान ने कब्जा कर लिया है। जिसके बाद वहां पर अफरातफरी का माहौल है। अफगानी लोग अपना मुल्क छोड़ने के लिए विवश हैं। इसी बीच भारत में भी कुछ लोग तालिबान के चरमपंथियों का समर्थन करते हुए देखे गए। जिसने खिलाफ पुलिस ने एक्शन भी लिया। वहीं दूसरी तरफ नागपुर से निर्वासित हुआ एक व्यक्ति तालिबान में शामिल हो गया है, जिसकी बंदूक थामे हुए तस्वीर सामने आई है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक भारत में अवैध रूप से रह रहे एक अफगानी नागरिक को इस साल नागपुर से निर्वासित किया गया था, वह अब तालिबान में शामिल हो गया है। उसकी एक तस्वीर भी सामने आई है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि नूर मोहम्मद अजीज मोहम्मद बीते दस साल से अवैध रूप से नागपुर में रह रहा था। वह शहर के डिगोरी इलाके में किराए के एक मकान में रहता था। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर उसकी गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू की।
उन्होंने बताया कि नूर मोहम्मद अजीज मोहम्मद को 23 जून को अफगानिस्तान निर्वासित कर दिया गया। ऐसा प्रतीत होता है कि वह निर्वासन के बाद तालिबान में शामिल हो गया। बंदूक थामे उसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर सामने आई है। बता दें कि साल 2010 में नूर मोहम्मद अजीज मोहम्मद छह महीने के पर्यटक वीजा पर नागपुर आया था। बाद में उसने यूएनएचआरसी में शरणार्थी का दर्जा देने के लिए आवेदन किया लेकिन उसका आवेदन खारिज हो गया। तब से वह नागपुर में अवैध रूप में रह रहा था।
वहीं अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि नूर मोहम्मद अजीज मोहम्मद का असल नाम अब्दुल हक है और उसका भाई तालिबान के साथ काम करता था। पिछले साल नूर मोहम्मद अजीज मोहम्मद ने धारदार हथियार के सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी साझा किया था। राष्ट्रविरोधी नारा लगाने वाले 7 गिरफ्तार: मध्य प्रदेश के उज्जैन में पुलिस ने पाकिस्तान जिंदाबाद सहित राष्ट्रविरोधी नारे लगाने वाले सात लोगों को गिरफ्तार किया है। उज्जैन पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक इस सिलसिले में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जबकि आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत दस लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।


More Stories
हर घर दस्तक देंगी आशा कार्यकर्ता, कालाजार के रोगियों की होगी खोज
लैटरल ऐंट्री” आरक्षण समाप्त करने की एक और साजिश है, वर्ष 2018 में 9 लैटरल भर्तियों के जरिए अबतक हो चूका 60-62 बहाली
गड़खा में भारत बंद के समर्थन में एआईएसएफ, बहुजन दलित एकता, भीम आर्मी सहित विभिन्न संगठनों ने सड़क पर उतरकर किया उग्र प्रदर्शन