पटना: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी के कई अन्य नेताओं ने बिहार प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सदानंद सिंह के निधन पर दुख जताया और प्रदेश एवं पार्टी के लिये गए उनके योगदान को याद किया। राहुल गांधी ने फेसबुक पोस्ट में कहा, ”कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता सदानंद सिंह जी के निधन का समाचार दुखद है। वे बिहार के कांग्रेस परिवार का एक महत्वपूर्ण हिस्सा थे। उनके प्रियजनों को मेरी शोक संवेदनाएं। वहीं, सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि वे एक अनुभवी राजनेता थे। क्षेत्र के लोगों में भी काफी लोकप्रिय थे। 2000 से 2005 तक विधानसभा के अध्यक्ष भी रहे थे। उनसे मेरा व्यक्तिगत संबंध था। उनके निधन से मर्माहत हूं। इधर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री सदानंद सिंह जी के निधन पर गहरी शोक-संवेदना व्यक्त करता हूं। उनका लंबा सामाजिक-राजनीतिक अनुभव रहा। वो एक कुशल राजनेता थे। ईश्वर से उनकी आत्मा को शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।
कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट किया, ”बिहार के वरिष्ठ नेता, बाबू सदानंद सिंह के निधन से गहरा आघात लगा। न केवल वे वर्षों तक गरीबों और वंचितों की आवाज उठाते रहे, बल्कि मुझे व्यक्तिगत तौर से उनका स्नेह व सानिध्य प्राप्त करने का सौभाग्य मिला। कांग्रेस और बिहार ने एक वटवृक्ष खो दिया, और यह कमी कभी पूरी न हो पाएगी। पार्टी के कई अन्य नेताओं ने भी सदानंद सिंह के निधन पर दुख जताया। पूर्व सीएम जीतन राम मांझी ने भी शोक जताया है। उन्होंने कहा कि सदानंद बाबू की कमी हमेशा खलेगा। वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अनिल शर्मा ने कहा कि सदानंद बाबू जमीन से जुड़े हुए नेता थे। संगठन के संचालन की उनमें अद्भुत क्षमता थी। मेरा सौभाग्य था कि जब वे पहली बार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बने तो मैं महामंत्री था। उनके नेतृत्व में कांग्रेस की संगठनात्मक राजनीति हमने शुरू की।
बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तथा भागलपुर के कहलगांव विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक सदानंद सिंह का बुधवार की सुबह पटना के एक अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। परिवार से जुड़े सूत्रों ने बताया कि सदानंद (78) पिछले कई सप्ताह से बीमार थे। दिवंगत नेता के परिवार में एक बेटा और तीन बेटियां हैं। सदानंद सिंह बिहार में कांग्रेस के सबसे बड़े जमीनी नेता थे। वह कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के अलावा वर्ष 2000 से 2005 तक बिहार विधानसभा के अध्यक्ष भी रहे। करीब 10 साल कांग्रेस विधायक दल के नेता के पद पर रहे। वह नौ बार विधायक रहे। भागलपुर जिले के कहलगांव विधानसभा क्षेत्र से लगातार चुनाव जीतते रहे। सदानंद सिंह कई बार मंत्री भी बने। वह बिहार सरकार में सिंचाई और ऊर्जा राज्यमंत्री रह चुके थे।


More Stories
कार्यपालक सहायकों ने स्थायीकरण की मांग को ले दी चरणबद्ध आंदोलन व अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
चमार रेजिमेन्ट बहाल करो संघर्ष मोर्चा की हुई बैठक, प्रदेश व जिला कमिटी का हुआ गठन
भारत में भ्रष्टाचार और अपराध के कारण तथा उनका निवारण