नई दिल्ली, (एजेंसी)। कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को शनिवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए वरिष्ठ पर्यवेक्षक नियुक्त किया। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी बयान के मुताबिक, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए बघेल को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी का वरिष्ठ पर्यवेक्षक नियुक्त किया। कुछ महीने पहले बघेल ने असम विधानसभा चुनाव के लिए भी इसी जिम्मेदारी का निर्वहन किया था, हालांकि उस चुनाव में कांग्रेस नीत गठबंधन को हार का सामना करना पड़ा। छत्तीसगढ़ में नेतृत्व परविर्तन को लेकर चल रही चर्चा के बीच बघेल की इस नियुक्ति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के साथ बघेल का सत्ता संघर्ष चल रहा है। अटकलें हैं कि पंजाब की तरह छत्तीसगढ़ में भी कांग्रेस मुख्यमंत्री बदल सकती है।
उत्तर प्रदेश में अगले साल फरवरी-मार्च में विधानसभा चुनाव होने हैं। प्रियंका गांधी वाद्रा उप्र में कांग्रेस की प्रभारी हैं। उधर, कांग्रेस ने नीरज पांडेय को एनएसयूआई की छत्तीसगढ़ इकाई और मंजुल त्रिपाठी को मध्य प्रदेश इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस का वरिष्ठ पर्यवेक्षक नियुक्त किए जाने पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, ”पार्टी ने विश्वास व्यक्त किया उसके लिए धन्यवाद। एक बड़ी जिÞम्मेदारी दी है, मैं सोनिया, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के प्रति आभार व्यक्त करता हूं।”


More Stories
कार्यपालक सहायकों ने स्थायीकरण की मांग को ले दी चरणबद्ध आंदोलन व अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
चमार रेजिमेन्ट बहाल करो संघर्ष मोर्चा की हुई बैठक, प्रदेश व जिला कमिटी का हुआ गठन
भारत में भ्रष्टाचार और अपराध के कारण तथा उनका निवारण