उचकागांव में आर्मी के जवान सहित तीन पर जानलेवा हमला कर किया जख्मी
राष्ट्रनायक प्रतिनिधि।
गोपालगंज (उचकागांव)- थाना क्षेत्र के उचकागांव में पूर्व के विवाद को लेकर एक पक्ष के लोगों द्वारा आर्मी के एक जवान सहित तीन युवकों पर कुदाल से जानलेवा हमला कर उन्हें जख्मी कर दिया गया। जिसे लोगों द्वारा इलाज के लिए उचकागांव अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां तीनों की चिंताजनक हालत को देखते हुए डॉक्टरों द्वारा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि उचकागांव के दियानाथ सिंह के आर्मी के जवान बेटे चंदन कुमार सिंह दिल्ली के सेना भवन में तैनात है। जबकि उनके चचेरे भाई राजन सिंह और विकास सिंह भी इंजीनियरिंग करने के बाद दिल्ली के एक मल्टीनेशनल कंपनी में कार्यरत है। बताया जा रहा है कि तीनों युवक छुट्टी मिलने के बाद अपने घर आए हुए थे। रविवार की सुबह चंदन सिंह के पिता दीनानाथ सिंह का अपने पड़ोस के कुछ लोगों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। जिसके बाद दोनों पक्षों द्वारा थाने में आवेदन दिया गया था। जिसमें पुलिस द्वारा आर्मी के जवान चंदन सिंह को थाने पर पूछताछ के लिए बुलाया जा रहा था। जिसके बाद चंदन सिंह थाने पर जा रहे थे। इसी दौरान पड़ोसियों द्वारा आर्मी के जवान चंदन सिंह पर जानलेवा हमला कर दिया गया। बीच बचाव में आए उनके चचेरे भाई राजन सिंह और विकास सिंह पर जानलेवा हमला कर जख्मी कर दिया गया। तीनों घायलों को स्थानीय लोगों द्वारा इलाज के लिए उचकागांव सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां तीनों की चिंताजनक हालत को देखते हुए डॉक्टरों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना के बाद से दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।


More Stories
पाटलिपुत्र-छपरा पेसेंजर ट्रेन को रद्द करना जनहित के विपरीत
मुख्यमंत्री ने सारण जिले में चल रही विकासात्मक योजनाओं के संबंध में की समीक्षा बैठक
मुख्यमंत्री ने सारण जिले को 985 करोड़ रुपये की दी सौगात, 52 योजनाओं का किया उद्घाटन एवं शिलान्यास