दाहा नदी में उफान के बाद सांखे खास पंचायत केइ घुड़ही टोला में घुसा बाढ़ का पानी
- लगभग तीन दर्जन से अधिक घर हुए प्रभावित।
- जमसड, लुहसी, जमसड़ी, त्रिलोकपुर के चंवर में तेजी से फैल रहा दाहा नदी का पानी।
राष्ट्रनायक प्रतिनिधि।
गोपालगंज (उचकागांव)। प्रखंड क्षेत्र से होकर गुजरने वाले दाहा नदी में उफान आने के बाद प्रखंड क्षेत्र के सांखे खास पंचायत अंतर्गत गुरमा घुड़ही टोला में बाढ़ का पानी घुस गया है। जिससे लगभग तीन दर्जन आवासीय झोपड़ी वाले मकान बाढ़ के पानी से घिर गए हैं। जिससे वहां रह रहे लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त होकर रह गया है। बताया जा रहा है कि ये सभी लोग दियारा क्षेत्र से बाढ़ से विस्थापित होकर पिछले 10 वर्षों से गुरमा घुड़ही टोला में रह रहे हैं और स्थानीय लोगों के खेतों में मेहनत मजदूरी कर और बटाई खेत लेकर खेती कर अपना जीवन यापन करते हैं। परंतु पिछले 2 सप्ताह से घुडही टोला में बाढ़ का पानी घुस जाने के बाद इनका जीवन अस्त-व्यस्त होकर रह गया है। वहीं नेपाल से गंडक नदी में पानी छोड़े जाने और क्षेत्र में बुधवार की रात आई मूसलाधार बारिश के बाद सांखे से तीरमुहानी पुल के तरफ जाने वाले पथ के उत्तर तरफ भरा बाढ़ का पानी तेजी के साथ इस पथ पर जगह-जगह बने पुल के माध्यम से घुड़ही टोला होते हुए जमसड, सांखे, कपडहर, लुहसी, जमसडी, त्रिलोकपुर के चंवर में तेजी से फैलना शुरू हो गया है। जिससे इन क्षेत्रों के ग्रामीण इलाकों में भी बाढ़ के पानी से बर्बादी होना तय माना जा रहा है।घुडही टोला के लोगों की मानें तो लगभग एक सप्ताह पहले स्थानीय बीडीओ और सीओ के द्वारा घुडही टोला का दौरा किया गया था। परंतु प्रशासनिक स्तर पर अभी तक इन्हें कोई सहायता नहीं मिल सकी है। ये सभी गरीब परिवार के लोग सरकार की सहायता का इंतजार कर रहे हैं।


More Stories
पाटलिपुत्र-छपरा पेसेंजर ट्रेन को रद्द करना जनहित के विपरीत
मुख्यमंत्री ने सारण जिले में चल रही विकासात्मक योजनाओं के संबंध में की समीक्षा बैठक
मुख्यमंत्री ने सारण जिले को 985 करोड़ रुपये की दी सौगात, 52 योजनाओं का किया उद्घाटन एवं शिलान्यास