एआईएसएफ सारण ने मनायी शहीदे-आजम भगत सिंह की 114वीं जयंती
- छात्र-छात्राओं ने लिया संकल्प मिलकर करेंगे समतामूलक समाज की स्थापना, बनायेंगे भगत सिंह के सपनों का देश
- शोषण विहीन समाज के निर्माण के लिए छात्रों को पढ़ाई-लड़ाई तेज करने की जरूरत: सुरेंद्रनाथ त्रिपाठी
राष्ट्रनायक प्रतिनिधि।
छपरा (सारण)। सोमवार को ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (एआईएसएफ) सारण जिला परिषद् ने आजादी आंदोलन के महानायक, छात्र-युवाओं के आदर्श, शहीद-ए-आजम भगत सिंह की 114वीं जयंती समारोह शहर के रामजयपाल कॉलेज में आयोजित की। कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन के राज्य-पार्षद अमित नयन और मंच संचालन राज्य उपाध्यक्ष राहुल कुमार यादव ने किया। कार्यक्रम में सबसे पहले भगत सिंह के तैल-चित्र पर माल्यार्पण कर मौजूद सभी लोगों ने पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद सिविल कोर्ट छपरा के वरीय अधिवक्ता सुरेंद्रनाथ त्रिपाठी ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि भगत सिंह क्रांतिकारी देशभक्त ही नहीं बल्कि एक अध्ययनशील विचारक, कलम के धनी, दार्शनिक, चिंतक, लेखक, पत्रकार और महान मनुष्य थे। भारत में समाजवाद के पहले व्याख्याता थे। भगत सिंह अच्छे वक्ता, पाठक और लेखक भी थे। जेल में भगत सिंह करीब दो साल रहे। इस दौरान वे लेख लिखकर अपने क्रांतिकारी विचार व्यक्त करते रहे। जेल में रहते हुए उनका अध्ययन बराबर जारी रहा। उस दौरान उनके लिखे गए लेख व परिवार को लिखे गए पत्र आज भी उनके विचारों के दर्पण हैं। छात्रों को उनके विचारों से सीख लेकर जीवन पथ पर आगे बढ़ना चाहिए। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में मौजूद पूर्व परीक्षा नियंत्रक एस.एन अत्ता ने कहा कि भगत सिंह अपने लेखों में कई तरह से पूंजीपतियों को अपना शत्रु बताया है। उन्होंने लिखा कि मजदूरों का शोषण करने वाला चाहें एक भारतीय ही क्यों न हो, वह उनका शत्रु है। राजनीति विज्ञान के विभागाध्यक्ष प्रो. इरफान अली ने कहा कि आज के दौर में भगत सिंह के विचारों की प्रासंगिकता और बढ़ गई है। उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाकर हीं शोषण विहीन समाज का निर्माण संभव है। संगठन के राज्य उपाध्यक्ष राहुल कुमार यादव ने कहा कि आज भगत सिंह के जन्मदिवस पर उनके सपनों का देश बनाने के लिए हम सभी को पूरी ताकत और एकजुटता के साथ पढ़ाई-लड़ाई तेज कर व्यवस्था परिवर्तन करने का संकल्प लेना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन अभिषेक सौरभ ने किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रो. गुणसागर वाल्मीकि, प्रो.अमान, ऐश्वर्या भारती, शिबू वर्मा, दीपम पांडे, साक्षी कुमारी, सोनिया कुमारी, ऐश्वर्या कुमारी, दीपशिखा, चंदन कुमार यादव, विशाल यादव, रूपेश कुमार, नवजीवन कुशवाहा, सूर्य प्रताप सिंह सहित दर्जनों छात्र-छात्राएं मौजूद थे।


More Stories
हर घर दस्तक देंगी आशा कार्यकर्ता, कालाजार के रोगियों की होगी खोज
लैटरल ऐंट्री” आरक्षण समाप्त करने की एक और साजिश है, वर्ष 2018 में 9 लैटरल भर्तियों के जरिए अबतक हो चूका 60-62 बहाली
गड़खा में भारत बंद के समर्थन में एआईएसएफ, बहुजन दलित एकता, भीम आर्मी सहित विभिन्न संगठनों ने सड़क पर उतरकर किया उग्र प्रदर्शन