सीवान: तापमान में आने लगी गिरावट, गुलाबी ठंड का लोग उठा रहे आनंद
सीवान। मौसम में बदलाव होने से सुबह और शाम लोगों को अब ठंड का एहसास होने लगा है। बदले मौसम ने आम लोगों की दिक्कतें भी बढ़ा दी है। गुरुवार को दिन का अधिकतम तापमान जहां 14 डिग्री रहा वहीं न्यूनतम तापमान 32 डिग्री दर्ज किया गया। सुबह में धूप तो खिली लेकिन उसमें अन्य दिनों की अपेक्षा गर्माहट काफी कम रही। मौसम परिवर्तन के कारण लोगों के स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। तापमान में अंतर आना वायरस और बैक्टीरिया के पनपने का कारण बन रहा है। इससे वायरल बुखार, मलेरिया, सर्दी, जुकाम-खांसी व मौसमी बीमारियों से ग्रसित मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। इस कारण सदर अस्पताल की ओपीडी व प्राइवेट अस्पतालों में भी मरीजों की संख्या ज्यादा देखने को मिल रही है। सिविल सर्जन डा. यदुवंश कुमार शर्मा ने बताया कि मौसम में अचानक परिवर्तन होने से मौसमी बीमारियों की आशंका बढ़ गई है। मौसम परिवर्तन से शरीर का तापमान भी प्रभावित होता है। इससे सावधानी बरतने की जरूरत है। इस मौसम में मधुमेह रोगी, गर्भवती, बुजुर्ग और बच्चों के बीमार होने की आशंका बढ़ जाती है। इसलिए इनका विशेष ध्यान रखना जरूरी है। बीमार होने से बचने के लिए ठंडा पानी पीना बंद कर देना चाहिए। कूलर, एसी व पंखा नहीं चलाना चाहिए। हार्ट और बीपी की नियमित रूप से जांच करानी चाहिए। नियमित व्यायाम करना चाहिए और बासी चीजों को खाने से परहेज करना चाहिए।


More Stories
भारत में भ्रष्टाचार और अपराध के कारण तथा उनका निवारण
हर घर दस्तक देंगी आशा कार्यकर्ता, कालाजार के रोगियों की होगी खोज
लैटरल ऐंट्री” आरक्षण समाप्त करने की एक और साजिश है, वर्ष 2018 में 9 लैटरल भर्तियों के जरिए अबतक हो चूका 60-62 बहाली