गोपालगंज में बरात से लौट रहे युवक को चोर समझ बेरहमी से पीटा
विजयीपुर(गोपालगंज)। विजयीपुर थाना क्षेत्र के कहला गांव के समीप अहले सुबह बरात से लौट रहे एक युवक को ग्रामीणों ने चोर समझकर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज कराने के बाद थाना ले आई। इस बीच युवक के गांव के ग्रामीणों को इस घटना की जानकारी हुई। आक्रोशित ग्रामीणों ने माड़रघाट में सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीण युवक को छोड़ने तथा उसकी पिटाई करने वालों को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। सड़क जाम करने की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझा कर शांत करा दिया। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। बताया जाता है कि विजयीपुर थाना क्षेत्र के नवका टोला गांव निवासी 35 वर्षीय अरविद कुमार राजभर बुधवार की रात एक बरात में शामिल होने गया था। बरात में शामिल होकर वह गुरुवार की सुबह तीन बजे बाइक से घर लौट रहा था। अभी वह कहला गांव के समीप पहुंचा ही था कि ग्रामीणों ने युवक को चोर समझ लिया तथा उसको पकड़ कर बेरहमी से पिटाई कर दी। इसी बीच सूचना मिलने पर पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे एएसआइ सुरेश कुमार ने युवक को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार कराने के बाद थाना ले गए। अरविद की पिटाई की जानकारी मिलने पर नवका टोला गांव के ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने थाना के पास माड़रघाट में सड़क जामकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीण युवक का रिहा करने तथा युवक की पिटाई करने वालों को गिरफ्तार करने की मांग कर रह थे। इसी बीच मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कर दिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।


More Stories
पाटलिपुत्र-छपरा पेसेंजर ट्रेन को रद्द करना जनहित के विपरीत
मुख्यमंत्री ने सारण जिले में चल रही विकासात्मक योजनाओं के संबंध में की समीक्षा बैठक
मुख्यमंत्री ने सारण जिले को 985 करोड़ रुपये की दी सौगात, 52 योजनाओं का किया उद्घाटन एवं शिलान्यास