गोपालगंज में आरटीपीएस काउंटर पर डीएम ने मारा छापा, तीन दलाल गिरफ्तार
थावे(गोपालगंज)। मंगलवार को जिलाधिकारी अरशद अजीज ने एसडीओ उपेंद्र पाल के साथ थावे अंचल कार्यालय में स्थित आरटीपीएस काउंटर पर छापेमारी कर सघन जांच पड़ताल किया। इस दौरान अंचल कार्यालय के मुख्य गेट पर स्थित एक दुकानदार सहित तीन दलालों को गिरफ्तार किया गया। जांच के दौरान एक ही दिन में निवास तथा आय प्रमाण पत्र निर्गत होने का मामला भी सामने आया। छापेमारी के दौरान अंचल कार्यालय के मुख्य गेट पर स्थित दो दुकानों से अवैध रूप से मूल जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र, जाति, आय, निवास और आधार कार्ड से सबंधित लगभग पांच सौ फार्म भरा हुआ बरामद किया गया। गिरफ्तार दुकान संचालक थावे थाना क्षेत्र के गजधार टोला गांव निवासी सुमित कुमार साह तथा उचकागांव थाना क्षेत्र के बरारी जगदीश गांव निवासी रामप्रवेश महतो व सुखारी साह को थावे थाना को सौंप दिया गया। छापेमारी के दौरान डीएम ने आरटीपीएस काउंटर की सघन जांच की। वहां घोर अनियमितता पाई गई। जांच में एक अक्टूबर से लेकर 15 दिसंबर तक जाति, आय, वृद्धा पेंशन, कन्या विवाह योजना और एलपीसी आदि का आरटीपीएस काउंटर से डिटेल्स निकला गया। जिसमें एक ही दिन में निवास और आय प्रमाण पत्र निर्गत करने का मामला सामने आया। आरटीपीएस काउंटर पर मौजूद हिमांशु कुमार तथा अमित कुमार को डीएम ने कड़ी फटकार लगाई। इसके साथ ही डीएम ने आधार कार्ड काउंटर की भी सघन जांच की और नि:शुल्क आधार कार्ड बनाने का निर्देश दिया। डीएम ने अवैध रूप से बरामद कागजात को लेकर सीओ गंगेश झा को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने सीओ तथा थानाध्यक्ष विशाल आंनद को अंचल के मुख्य गेट पर स्थित दोनों दुकानों को चौबीस घंटे के अंदर हटाने का सख्त निर्देश दिया। इसके साथ ही अवैध रूप से बरामद काग•ातों का सत्यापन कर सीओ को प्राथमिकी दर्ज कराने का भी निर्देश दिया। डीएम अरशद अजीज ने छापेमारी के बाद बताया कि आम लोगों से शिकायत मिली थी कि आरटीपीएस काउंटर पर दलाल सक्रिय हैं। काउंटर पर बिना पैसा लिए कोई भी काम नहीं किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बरामद किए गए कागजात को सीओ को सत्यापन करने का निर्देश के साथ ही प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही कागजातों का सत्यापन कर आरटीपीएस काउंटर पर मौजूद कर्मियों पर भी करवाई करने का निर्देश दिया गया है।


More Stories
पाटलिपुत्र-छपरा पेसेंजर ट्रेन को रद्द करना जनहित के विपरीत
मुख्यमंत्री ने सारण जिले में चल रही विकासात्मक योजनाओं के संबंध में की समीक्षा बैठक
मुख्यमंत्री ने सारण जिले को 985 करोड़ रुपये की दी सौगात, 52 योजनाओं का किया उद्घाटन एवं शिलान्यास