किसान महापंचायत में बोलीं प्रियंका गांधी, कांग्रेस की सरकार आने पर वापस लिए जाएंगे कृषि कानून
लखनऊ, (एजेंसी)। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में आयोजित किसान महापंचायत को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जो तीन कृषि कानून सरकार ने बनाए हैं, वो राक्षस रूपी कानून हैं, जो किसानों को मारना चाहते हैं। पहला कानून भाजपा के नेतृत्व के पूंजीपति मित्रों के लिए जमाखोरी के दरवाजे खोलेगा। बता दें कि प्रियंका गांधी को सुनने के लिए जनसैलाब उमड़ा है। जिसको देखकर कांग्रेस पार्टी के नेता काफी गदगद हैं और उन्होंने ट्विटर पर भीड़ का वीडियो भी साझा किया। प्रियंका गांधी ने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि 16,000 करोड़ के 2 हवाई जहाज ले लिए और 20,000 करोड़ संसद के सुंदरीकरण में खर्च कर दिया लेकिन किसानों का बकाया 15,000 करोड़ आज तक नहीं दिया। उन्होंने कहा कि 56 इंच की छाती के अंदर एक छोटा सा दिल है जो केवल कुछ उद्योगपतियों के लिए धड़कता है। उन्होंने कहा कि जाग जाइए, जिनसे आप उम्मीद रख रहे हैं ये आपके लिए कुछ नहीं करेंगे। अब आप समझ जाइए। जो आपसे ये बड़े बड़े वायदे करते है, उनके शब्द खोखले हैं। ये आपकी जमीन का आंदोलन है, आप पीछे मत हटिए। हम खड़े हैं, जब तक ये बिल वापस नहीं होते तब तक डटे रहिए। इसी बीच प्रियंका ने किसानों से वादा किया कि कांग्रेस की सरकार आने पर सभी बिलों को वापस ले लिया जाएगा और आपको समर्थन मूल्य का पूरा दाम मिलेगा। उन्होंने कहा कि जब सैकड़ों लोग इन्हीं सड़कों पर इन्हीं हाईवे पर नंगे पैर अपनी गांवों की ओर चले, तब कहां थी ये सरकार ? क्या सुविधा दी ? किस तरह से मदद की आपकी ? जिन लोगों के लिए ये काम करते हैं वो लोग आपकी परवाह नहीं करते हैं।


More Stories
सारण में विधान सभा चुनाव के लिए नाम निर्देशन पत्र की संवीक्षा संपन्न, 24 नामांकन पत्र रद्द
कार्यपालक सहायकों ने स्थायीकरण की मांग को ले दी चरणबद्ध आंदोलन व अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
चमार रेजिमेन्ट बहाल करो संघर्ष मोर्चा की हुई बैठक, प्रदेश व जिला कमिटी का हुआ गठन