पटना (बिहार)। बिहार विधानसभा में भागलपुर के सिल्क उद्योग के संबंध में कांग्रेस विधायक अजीत शर्मा के सवाल के उत्तर में उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन ने कहा कि नीतीश सरकार द्वारा भागलपुर को फिर से सिल्क सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है। बीएसआईबीसी की जमीन पर सेंट्रल इंस्टीट्यूट आॅफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी स्थापित होने जा रही है। बियाडा की जो जमीन अभी खाली पड़ी है या जहां इकाइयां बंद है, वहां उद्योग लगाए जाएंगे ताकि लोगों को ज्यादा से ज्यादा रोजगार मिल सके। सिल्क उद्योग को फिर से क्रियाशील करने के लिए योजना बन चुकी है। अब अमल करने की बारी है। उन्होंने कहा कि बुनकरों के बच्चों के लिए स्कूल की व्यवस्था भी की जा रही है। वहीं राजद विधायक ललित यादव के प्रश्न के जवाब में वित्त मंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि प्रक्रियात्मक वजहों से संक्षिप्त आकस्मिक व्यय विपत्र (एसी बिल) और विस्तृत आकस्मिक व्यय विपत्र (डीसी बिल) देने में देर होती है। 31 मार्च तक सभी एसी-डीसी बिल जमा कर दिए जाएंगे। चीनी मिलों पर किसानों के बकाए के भुगतान से संबंधित प्रश्न पर गन्ना उद्योग मंत्री प्रमोद कुमार ने कहा कि एक हफ्ते में किसानों को भुगतान करने का आदेश चीनी मिल मालिकों को दिया गया है। किसानों के बकाया का भुगतान नही होने पर नीलामी की प्रक्रिया की जाएगी। मढ़ौरा चीनी मिल बंद होने और किसानों की बकाया राशि के मामले पर मंत्री ने कहा कि न्यायालय में केस अभी लंबित है। उसके फैसले का इंतजार है। वहीं राजद विधायक अवध बिहारी चौधरी द्वारा चीनी मिलों के बंद होने का मामला उठाए जाने पर उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि मामला तब का है जब अवध बिहारी चौधरी खुद सरकार में मंत्री थे। गन्ना उद्योग मंत्री प्रमोद कुमार ने कहा कि जल्द ही निजी साझेदारी के साथ बंद पड़ी चीनी मिलों को खोलने की पहल की जाएगी।


More Stories
सारण में विधान सभा चुनाव के लिए नाम निर्देशन पत्र की संवीक्षा संपन्न, 24 नामांकन पत्र रद्द
कार्यपालक सहायकों को जुमला दिखाकर ठग रही बीपीएसएम, कार्यपालक सहायकों ने कहा- मांगें पुरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन
कार्यपालक सहायकों ने राज्य कर्मी का दर्जा देने की मांग को ले शहर में निकला कैंडल मार्च, नीतीश सरकर के खिलाफ की नारेबाजी