जयपुर, (एजेंसी)। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने मंगलवार को किसान महापंचायत को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले इन्होंने जाति में बांटा, धर्म में बांटा लेकिन अब हम किसान भाई बंटने वाले नहीं हैं। इस दौरान किसान नेता राकेश टिकैत ने किसानों से अपील की कि आप अपने टैक्टर लेकर, जब आपको बताया जाए दिल्ली चलना पड़ेगा। दिल्ली की बैरिकेडिंग फिर तोड़नी पड़ेगी। अपनी फसल को विधानसभा, कलेक्ट्रेट और संसद में फसल बेचनी पड़ेगी। प्रधानमंत्री ने कहा था कि कहीं पर भी आप अपनी फसल बेच सकते हो।
उन्होंने कहा कि हम कहीं पर बेच के दिखाएंगे, मंडी के बाहर बेच कर दिखाएंगे, जो भारत सरकार का रेट है उस पर बेचकर दिखाएंगे। संसद में बेचकर दिखाएंगे। संसद से अच्छी मंडी नहीं हो सकती है। 3.5 लाख ट्रैक्टर दिल्ली में पहले गए थे और फिर से ट्रैक्टर जाएंगे। उन्होंने किसानों से कहा कि जिस दिन संयुक्त मोर्चा तारीख देगा, आपकी जिम्मेदारी होगी कि राजस्थान की तरफ से आप दिल्ली को घेरो। दिल्ली घिर चुकी है। पूरे देश में आंदोलन शुरू हो चुका है। आपको जागना पड़ेगा।
उल्लेखनीय है कि केंद्र के तीनों कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का आंदोलन नवंबर मध्य से जारी है। किसान संगठनों की मांग है कि मोदी सरकार तीनों कानूनों को वापस लें और न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) कानून बनाएं।


More Stories
सारण में विधान सभा चुनाव के लिए नाम निर्देशन पत्र की संवीक्षा संपन्न, 24 नामांकन पत्र रद्द
कार्यपालक सहायकों ने स्थायीकरण की मांग को ले दी चरणबद्ध आंदोलन व अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
चमार रेजिमेन्ट बहाल करो संघर्ष मोर्चा की हुई बैठक, प्रदेश व जिला कमिटी का हुआ गठन