राष्ट्रनायक न्यूज।
पटना (बिहार)। राजधानी पटना को 45 प्लस के उम्र वालों के लिए कोवैक्सीन टीका का 50 हजार डोज मिल गया है। वहीं अभी 18 पार वालों को इंतजार करना होगा। एक दिन पहले तक इस बात की आशंका जताई जा रही थी कि गुरुवार शाम तक पटना को टीका नहीं मिला तो टीकाकरण में बाधा आ सकती थी लेकिन समय रहते ही पटना में कोवैक्सीन का पांच हजार वायल पहुंच गया।
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ.एसपी विनायक ने बताया कि जो वैक्सीन आया है वो 45 वर्ष से अधिक के उम्र वालों के लिए हैं। सभी सेंटरों पर समय पर कोवैक्सीन का टीका भिजवा दिया जाएगा। वहीं 18 वर्ष के अधिक के उम्र वालों के लिए टीका नहीं मिल पाया है। हालांकि पहले उपलब्ध टीके से उक्त उम्र वालों का सेंटर पर टीकाकरण हो रहा है। पटना की सिविल सर्जन डॉ.विभा कुमारी सिंह ने बताया कि सभी केन्द्रों पर सुबह में वैक्सीन पहुंचा दिया जा रहा हैं।
इससे पहले कई सेंटरों पर से लोगों को लौटाया जा रहा है कि उनके स्लॉट की बुकिंग नहीं हैं। वहीं शुक्रवार को नगर निगम के सभी अंचल कार्यालयों में बनाए गए टीकाकरण केन्द्रों पर लोगों को टीका दिया गया। कई सेंटरों पर 10 लोगों के नहीं पहुंचने से लौटा दिया गया। वैक्सीन का वायल बर्बाद न हो, इसके लिए लोगों को लौटाया गया क्योंकि एक वायल खुलने पर उसमें 10 लोगों को टीका दिया जा सकता हैं। इस कारण भी लोगों को परेशानी हुई। वहीं ईद की छुट्टी के कारण पीएमसीएच, राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज समेत अन्य सरकारी अस्पतालों में टीकाकरण नहीं हो पाया।
पटना जिले में 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों को टीका लगाने के लिए कुल 56 टीकाकरण केंद्र स्थापित किए गए हैं, जबकि 45 से अधिक उम्र वालों के लिए पटना जिले में कुल 143 केंद्र बनाए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि पटना जिले में लगभग 30 लाख लोगों को टीकाकरण लगाने का लक्ष्य रखा गया है। अब तक 10 लाख लोगों को टीका लगाया जा चुका है। जबकि 20 लाख लोगों को टीका लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों के लिए पटना शहर में 10 विशेष टीकाकरण केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। जहां रोज एक टीकाकरण केंद्र पर लगभग 1000 लोगों को टीकाकरण किया जा रहा है।


More Stories
सारण के जलालपुर में डबल मर्डर, रोड के किनारे फेंका शव, जांच में जुटी पुलिस
पाटलिपुत्र-छपरा पेसेंजर ट्रेन को रद्द करना जनहित के विपरीत
मुख्यमंत्री ने सारण जिले में चल रही विकासात्मक योजनाओं के संबंध में की समीक्षा बैठक