राष्ट्रनायक न्यूज।
नई दिल्ली। काफी लंबी जद्दोजहद के बाद केंद्र सरकार ने महाराष्ट्र कैडर के 1985 बैच के आईपीएस अधिकारी सुबोध कुमार जायसवाल को सीबीआई का नया निदेशक नियुक्त किया है। मंगलवार देर शाम जारी किए गए आदेश में सुबोध कु.जायसवाल को अगले 2 साल के लिए सीबीआई का निदेशक बनाया गया है। फिलहाल सी आई एस एफ के डीजी पद को सुशोभित करने वाले सुबोध कु. जायसवाल बेहद ही साफ- सुथरी छवि वाले अधिकारी हैं।
सुबोध कु. जयसवाल झारखण्ड के धनबाद जिले के चासनाला क्षेत्र में पले बढ़े हैं। उनके पिता शिव शंकर जयसवाल सिंदरी के नामी व्यवसायी रहे। उनकी स्कूली पढ़ाई लिखाई मेन डिनोबिलि, डिगवाडीह में हुई। उनके एक भाई मनोज जयसवाल चेन्नई में प्रोफ़ेसर हैं जबकि अन्य एक भाई प्रिंस यूरोप में रहते हैं। सुबोध कु.जयसवाल के बारे में कहा जाता है कि वे जासूसी में माहिर हैं।
गौरतलब है कि सीबीआई के अपर निदेशक और गुजरात कैडर के आईपीएस प्रवीण सिन्हा इन दिनों सीबीआई का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे हैं. पिछले साल फरवरी में तब के सीबीआई चीफ आलोक वर्मा और डिप्टी चीफ राकेश अस्थाना के बीच विवाद के बाद से ये पद खाली चल रहा है। नये सीबीआई निदेशक की नियुक्ति को लेकर सोमवार को शाम 6.30 बजे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री आवास पर बैठक हुई थी। बैठक में समिति के सदस्य सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश एन वी रमन्ना और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष अधीर रंजन चौधरी भी मौजूद थे।
बैठक के दौरान 1985 बैच के सुबोध कु.जायसवाल समेत वीएस कौमुदी और कुमार राजेश चंद्रा के नाम पर भी चर्चा हुई। सोमवार शाम करीब 7.30 बजे तक चली बैठक में सर्वसम्मति से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्य न्यायाधीश एनवी रमन्ना और लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष अधीर रंजन चौधरी ने सुबोध कु.जयसवाल के नाम पर सहमति जताई और उनके नाम को प्रस्तावित कर कैबिनेट कमेटी ऑन अपॉइंटमेंट के सामने भेज दिया था। जिसके बाद मंगलवार देर शाम सुबोध कु.जयसवाल के नाम का नियुक्ति पत्र जारी कर दिया गया। जारी किए गए नियुक्ति पत्र के अनुसार सुबोध कु. जायसवाल का कार्यकाल पद संभालने की तिथि से 2 वर्ष तक का होगा।


More Stories
भारत में भ्रष्टाचार और अपराध के कारण तथा उनका निवारण
हर घर दस्तक देंगी आशा कार्यकर्ता, कालाजार के रोगियों की होगी खोज
लैटरल ऐंट्री” आरक्षण समाप्त करने की एक और साजिश है, वर्ष 2018 में 9 लैटरल भर्तियों के जरिए अबतक हो चूका 60-62 बहाली