नई दिल्ली, (एजेंसी)। देश में कोरोना वायरस टीके की कमी को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर पलटवार किया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कहा ‘भारत में जुलाई महीने में 13 करोड़ से अधिक टीके लगाए गए हैं। इस महीने इसमें और तेजी आने वाली है। इस उपलब्धि के लिए हमें अपने स्वास्थ्यकर्मियों पर गर्व है। अब तो उन पर और देश पर आपको भी गर्व होना चाहिए।’
दरअसल, राहुल गांधी ने एक ट्वीट करते हुए कहा था कि जुलाई चला गया है, वैक्सीन की कमी नहीं गईं। राहुल गांधी ने अपने ट्वीट के साथ एक वीडियो भी शेयर किया था जिसमें वैक्सीन की कमी को लेकर सोशल मीडिया और मीडिया में चल रही खबरों के बारे में बताया गया था। जिसमें जम्मू-कश्मीर, बिहार समेत कई राज्यों में टीके की कमी की बात कही गई है।
भारत में जुलाई महीने में 13 करोड़ से अधिक टीके लगाए गए हैं। इस महीने इसमें और तेजी आने वाली है। इस उपलब्धि के लिए हमें अपने स्वास्थ्यकर्मियों पर गर्व है। राहुल गांधी के टीके की कमी के आरोपों का जवाब देते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने एक और ट्वीट करते हुए कहा कि सुना है, जुलाई में जिन 13 करोड़ लोगों को टीके लगाए गए, उनमें से आप भी एक हैं। लेकिन आपने हमारे वैज्ञानिकों के लिए एक शब्द नहीं बोला, जनता से वैक्सीन लगाने की अपील नहीं की। मतलब आप वैक्सीनेशन के नाम पर तुच्छ राजनीति कर रहे हैं। दरअसल वैक्सीन की नहीं, आपमें परिपक्वता की कमी है।
देशभर में लोगों को कोविड-19 रोधी टीके की अब तक 47 करोड़ से अधिक खुराक दी गई हैं, जिनमें से पिछले 24 घंटे में 60,15,842 खुराक दी गईं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को बताया कि राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों और निजी अस्पतालों के पास अब भी कोविड रोधी टीके की तीन करोड़ से अधिक खुराक उपलब्ध हैं। राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों को सभी स्रोतों से अभी तक 49,49,89,550 खुराक उपलब्ध कराई गई हैं तथा उन्हें अभी 8,04,220 खुराक और भेजने की प्रक्रिया जारी है।


More Stories
कार्यपालक सहायकों ने स्थायीकरण की मांग को ले दी चरणबद्ध आंदोलन व अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
चमार रेजिमेन्ट बहाल करो संघर्ष मोर्चा की हुई बैठक, प्रदेश व जिला कमिटी का हुआ गठन
भारत में भ्रष्टाचार और अपराध के कारण तथा उनका निवारण