पटना (बिहार)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इन दिनों बिहार की सड़कों पर निकलकर हकीकत का जायजा ले रहे हैं। सीएम नीतीश कुमार मंगलवार को समस्तीपुर जिले में थे। उन्होंने यहां कई इलाकों का दौरा किया। बुधवार को फिर सीएम नीतीश कुमार सड़क पर निकले और पटना का दौरा किया। सीएम के भ्रमण के दौरान पटना समेत कई इलाकों का दौरा किया। जानकारों के अनुसार सीएम नीतीश कुमार अनलॉक-5 को लेकर भी बड़ फैसला ले सकते हैं। बुधवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना शहर में कोरोना प्रोटोकॉल का लोग पालन कर रहे हैं कि नहीं, इसका जायजा स्वयं लिया। सीएम नीतीश कुमार इस दौरान पटना के गांधी मैदान, बोरिंग रोड, कंकड़बाग, मीठापुर आदि क्षेत्रों में गए। यहां जायजा लिया कि लोग सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर रहे हैं या नहीं।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को जिले का औचक दौरा किया। इसकी जानकारी मिलते ही प्रशासन में अफरातफरी मची रही। सीएम के कार्यक्रम से पार्टी के अधिकांश नेता व कार्यकर्ता तक अनभिज्ञ थे। सड़क मार्ग से सीएम के समस्तीपुर आने के कार्यक्रम को लेकर पड़ोसी जिला वैशाली की सीमा से लेकर मुजफ्फरपुर जिले की सीमा तक चौक-चौराहों पर वरीय अधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस बल की तैनाती थी। लेकिन किसी को यह पता नहीं था कि मुख्यमंत्री का दौरा करने का उद्देश्य क्या है। हालांकि सभी मुस्तैदी से अपनी अपनी ड्यूटी में लगे हुए थे। कई अधिकारियों ने बताया कि उन्हें सिर्फ इतना ही पता है कि मुख्यमंत्री को इस रास्ते से गुजरना है।
मिली जानकारी के अनुसार, पहले मुख्यमंत्री का एनएच-28 होकर ताजपुर, मुसरीघरारी और दलसिंहसराय होते हुए बेगूसराय जाने का कार्यक्रम था। जिसको लेकर इस रूट में सुरक्षा व यातायात नियंत्रण के लिए पुलिस बल की तैनाती की गयी थी। इसके अलावा दलसिंहसराय स्थित आईबी के डाकबंगले में मुख्यमंत्री के रिफ्रेश होने की भी व्यवस्था थी। लेकिन दोपहर 12 बजे के बाद अचानक उनके आने और जाने का रूट बदल गया। वैशाली जिले से ताजपुर व मुसरीघरारी होते हुए समस्तीपुर परिसदन में आने और कुछ पल रुकने के बाद पूसा होते हुए आगे जाने का कार्यक्रम प्रशासन को बताया गया। इससे प्रशासन को आनन-फानन में नये रूट पर अधिकारियों के साथ पुलिस बल की तैनाती करनी पड़ी। करीब दो बजे मुख्यमंत्री का काफिला ताजपुर व मुसरीघरारी होते हुए समस्तीपुर परिसदन पहुंचा। वहां कुछ देर रुकने के बाद मुख्यमंत्री अपने काफिले के साथ पूसा की ओर निकल गये। उनके साथ शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी भी थे।
मुख्यमंत्री के आगमन की जानकारी मिलने के बाद उन रूटों में सड़क किनारे लोगों की भीड़ लग गयी जिधर से उन्हें गुजरना था। इस दौरान सड़कों पर आम लोगों का आवागमन भी रोक दिया गया था। लेकिन सड़क से गुजरने के क्रम में मुख्यमंत्री कहीं नहीं रुके। जैसे आये वैसे ही बढ़ते चले गये। हालांकि लोगों ने हाथ हिलाकर उनका अभिवादन किया। जिसके जवाब में मुख्यमंत्री कार के अंदर से हाथ हिलाते हुए आगे बढ़ गये।
मुख्यमंत्री के औचक दौरा की जानकारी मिलते ही जिला अध्यक्ष व पूर्व सांसद अश्वमेध देवी, प्रदेश महासचिव डॉ.दुर्गेश राय और जिला महासचिव व प्रवक्ता प्रो. तकी अख्तर परिसदन पहुंच गये। जब मुख्यमंत्री परिसदन में कुछ देर रुकने के लिए पहुंचे तो उन्हें देखते ही तपाक से यह पूछ लिया कि आपलोगों को आगमन की जानकारी कैसे मिली। इस पर नेताओं ने सिर्फ इतना ही कहा कि अपने नेता के कार्यक्रम के बारे में जानकारी न रखे तो कैसे काम चलेगा। इनलोगों ने माला पहना कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री बगैर किसी तरह की बातचीत किये आगे की यात्रा पर रवाना हो गये।
समस्तीपुर के डीएम शशांक शुभंकर ने बताया, सीएम कई जिलों के भ्रमण पर निकले थे। इसी कड़ी में उन्होंने समस्तीपुर का भी भ्रमण किया। भ्रमण के संबंध विशेष निर्देश सीएम कार्यालय से ही मिलेगा।


More Stories
कार्यपालक सहायकों ने स्थायीकरण की मांग को ले दी चरणबद्ध आंदोलन व अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
भू-सम्पदा अधिनियम का उलंघन करने वाले प्रमोटर्स की पहचान कर रेरा ने लगाया जुर्माना, प्रोजेक्ट के ज़मीन की रजिस्ट्री एवं दाखिल ख़ारिज पर भी रोक
बिहार में डोमिसाइल नीति लागू, बिहार से मैट्रिक या इंटरमीडिएट करने वाले युवाओं को शिक्षक नियुक्ति में रिक्त पदों के 40 फीसद पदों पर हीं लागू होगा डोमिसाइल