बिहार विधानसभा चुनाव: पहले चरण के 71 सीटों पर मतदान शुरू, 1066 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे वोटर
बिहार में विधानसभा चुनाव 2020 के पहले चरण के मतदान के तहत आज 71 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। मतदान सुबह 7 बजे शुरू हो गया है, जो शाम 6 बजे तक चलेगा। हालांकि, 4 सीटों पर दोपहर 3 बजे तक, 26 सीटों पर शाम 4 बजे तक और 5 सीटों पर शाम 5 बजे तक वोटिंग होगी। 2.14 करोड़ से ज्यादा मतदाता 1066 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। बुधवार को ईवीएम में ये कैद हो जाएगा कि 1066 में से कौन से 71 विधानसभा में जाएंगे। निर्वाचन आयोग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज पहले फेज की 71 सीटों पर 1 हजार 66 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें 952 पुरुष और 114 महिलाएं हैं। दूसरे फेज की वोटिंग 3 नवंबर और तीसरे फेज की वोटिंग 7 नवंबर को होगी। नतीजे 10 नवंबर को आएंगे।
इन मंत्रियों के भाग्य का फैसला करेंगे मतदाता
आज यानी 28 अक्टूबर को जिन मंत्रियों की किस्मत ईवीएम में कैद होगी, उनमें बिहार के कृषि मंत्री और बीजेपी के नेता डॉ प्रेम कुमार, जेडीयू नेता और बिहार के शिक्षा मंत्री कृष्ण नंदन वर्मा, बीजेपी के नेता और श्रम मंत्री विजय कुमार सिन्हा, बिहार सरकार के अनुसूचित जाति जनजाति कल्याण मंत्री बृजकिशोर बिंद, बिहार सरकार के परिवहन मंत्री और जेडीयू नेता संतोष कुमार निराला, ग्रामीण कार्य मंत्री और जेडीयू नेता शैलेश कुमार, बिहार सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री जय कुमार सिंह और राजस्व मंत्री रामनारायण मंडल के नाम शामिल हैं।


More Stories
स्वचालित मौसम स्टेशनका किया गया शुभारंभ
मांझी पुलिस ने बरामद किया अंग्रेजी शराब
आवास विहीन परिवारों का मिलेगा आवास का लाभ, सर्वे का शुरू हुआ काम