परिजनों की मांग: रूपेश कुमार की पत्नी को सरकारी नौकरी दी जाए, सीबीआई करे हत्याकांड की जांच

पटना: पटना में इंडिगो एयरलाइंस के स्टेशन मैनेजर रूपेश कुमार की हत्या के चार दिन हो गए हैं, लेकिन पुलिस अभी भी आरोपियों को पकड़ नहीं पाई है। इस कारण मृतक रूपेश कुमार के परिजन काफी नाराज हैं। उनकी मांग है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस मामले की जांच की जिम्मा सीबीआई को सौंप दें। साथ ही परिजनों ने मृतक रूपेश कुमार की पत्नी के लिए सरकारी नौकरी की मांग की है। रूपेश कुमार के भाई नंदेश्वर सिंह ने शुक्रवार को समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, ‘मुख्यमंत्री ने अल्टीमेटम दिया था कि 48 घंटे के भीतर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा, लेकिन अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। हमें लगता है कि पटना का प्रशासन गिरफ्तारी करने में असमर्थ है, इसलिए हम सीएम से मांग करते हैं कि वे जांच सीबीआई को सौंप दें।’ नंदेश्वर सिंह ने रूपेश कुमार की पत्नी के लिए सरकारी नौकरी और उनके बच्चों की पढ़ाई की व्यवस्था करने की भी मांग की। उन्होंने कहा, ‘वह अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गए हैं। मुख्यमंत्री को रूपेश कुमार की पत्नी को सरकारी नौकरी प्रदान करनी चाहिए और बच्चों की शिक्षा की व्यवस्था करनी चाहिए।’ वहीं रूपेश हत्याकांड पर सीएम नीतीश कुमार ने शुक्रवार को कहा कि जल्द ही दोषियों को पकड़ लिया जाएगा। एक-एक चीज की जांच चल रही है। मुझे पुलिस पर पूरा भरोसा है। बता दें कि रूपेश हत्याकांड के चौथे दिन भी पुलिस के हाथ खाली हैं। वारदात को अंजाम देने वाले न तो एक भी शूटर पकड़े जा सके हैं और न ही हत्या के पीछे रहा अहम कारण ही स्पष्ट हो सका है। जांच व शूटरों की गिरफ्तारी में जुटी एसटीएफ और एसआईटी सिर्फ छापेमारी, कॉल डिटेल, व्हाट्सएप मैसेज, टावर डंप, सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ ही अलग-अलग जगहों से शक के आधार पर उठाए गए 15 से अधिक संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।


More Stories
कार्यपालक सहायकों को जुमला दिखाकर ठग रही बीपीएसएम, कार्यपालक सहायकों ने कहा- मांगें पुरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन
कार्यपालक सहायकों ने राज्य कर्मी का दर्जा देने की मांग को ले शहर में निकला कैंडल मार्च, नीतीश सरकर के खिलाफ की नारेबाजी
कार्यपालक सहायकों ने दूसरे दिन भी कार्यपालक सहायकों ने काला पट्टी बांधकर किया कार्य, आंदेलन को सामाजिक व राजनैतिक दलों का मिल रहा समर्थन, कहा- कार्यपालक सहायकों की मांगें जायज, सरकार जल्द पूरी करें मांग