बिहार के किसान परेशान, धान खरीद के लिए आॅनलाइन निबंधन बंद, खलिहान में रखा धान चूहा खा रहा और विभाग लेने को तैयार नहीं
पटना। धान खरीद की तारीख 21 फरवरी तक बढ़ा दी गई है। इसके बाद भी किसान धान नहीं बेच पा रहे हैं। क्योंकि सहकारिता विभाग की वेबसाइट से किसानों का धान खरीद के लिए निबंधन बंद कर दिया गया है। 27 जनवरी से ही निबंधन बंद है। इससे प्रत्येक पंचायत में 20 प्रतिशत किसान चाहकर भी धान नहीं बेच पा रहे हैं। किसानों का कहना है कि पैक्स सिर्फ कृषि विभाग की वेबसाइट पर निबंधित इच्छुक किसान से ही धान ले रहा है। ऐसे में जिन किसानों ने खुद पोर्टल पर निबंधन कराया है। उनका धान पैक्स नहीं खरीदा जा रहा है। पैक्स समितियों का कहना है कि विभाग से ही कहा गया है कि सिर्फ किसान सलाहकारों द्वारा सर्वे कराकर निबंधित इच्छुक किसानों का ही धान खरीद करना है तो वे कैसे धान लेंगे। पिछली बार धान खरीद के लिए 31 जनवरी तक आखिरी तारीख होने के कारण अधिकतर किसानों ने पैक्सों के पास धान खरीद के लिए पहुंचा दिया है, लेकिन कैश क्रेडिट के अभाव के कारण किसानों का भुगतान नहीं हो पा रहा है। सरकार ने कहा है कि सभी निबंधित किसानों से धान खरीद की जानी है। पैक्स ने उन्हीं किसानों को धान खरीद के लिए बुलाया है जिनका पोर्टल पर आवेदन सत्यापित है। नौबतपुर के दरियापुर पंचायत के किसान रवीन्द्र नाथ के पास 30 क्विंटल धान है। पर वह बेच नहीं पा रहे हैं। रवीन्द्र नाथ का कहना है कि कृषि विभाग की वेबसाइट पर उनका निबंधन हो चुका है। लेकिन सहकारिता विभाग से निबंधन नहीं हुआ है। इसके कारण उनका डाटा पैक्स के पास नहीं है। पैक्स बिना निबंधन के धान लेने से इनकार कर रहा है। स्थिति यह है कि घर में धान रखे-रखे चूहा खा रहा है। न तो बनिया धान ले रहा है और न ही पैक्स। वे कहां अपना धान बेचेंगे? दुल्हिनबाजार के विमल प्रसाद को 60 क्विंटल धान बेचना है। निबंधन नहीं होने के कारण धान नहीं बेच पा रहे हैं। पटना जिले में अब तक लक्ष्य का आधा ही धान खरीद हो सकी है। सहकारिता विभाग की ओर से 02 लाख 70 हजार मिट्रिक टन धान खरीद होनी है। दो फरवरी तक 01 लाख 77 हजार 825 मिट्रिक टन ही धान की खरीद हुई है। 21 फरवरी तक धान खरीद की आखिरी तारीख है और अभी सिर्फ किसान सलाहकारों द्वारा निबंधित इच्छुक किसानों का ही धान लिया जा रहा है।


More Stories
कार्यपालक सहायकों को जुमला दिखाकर ठग रही बीपीएसएम, कार्यपालक सहायकों ने कहा- मांगें पुरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन
कार्यपालक सहायकों ने राज्य कर्मी का दर्जा देने की मांग को ले शहर में निकला कैंडल मार्च, नीतीश सरकर के खिलाफ की नारेबाजी
कार्यपालक सहायकों ने दूसरे दिन भी कार्यपालक सहायकों ने काला पट्टी बांधकर किया कार्य, आंदेलन को सामाजिक व राजनैतिक दलों का मिल रहा समर्थन, कहा- कार्यपालक सहायकों की मांगें जायज, सरकार जल्द पूरी करें मांग