सुशांत सिंह राजपूत के चचेरे भाई नीरज सिंह बबलू ने ली मंत्री पद की शपथ, राजपूताना पगड़ी में नजर आए
पटना। नीतीश मंत्रिमंडल के पहले विस्तार में मंगलवार को बालीवुड के चर्चित अभिनेता रहे सुशांत सिंह राजपूत के चचेरे भाई नीरज सिंह बबलू ने भी मंत्री पद की शपथ ली। इस दौरान वह राजपूताना पगड़ी में नजर आए। नीरज ही वो शख्स हैं जिन्होंने पिछले साल सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद कहा था कि यह आत्महत्या नहीं हत्या है। उन्होंने ‘जस्टिस फॉर एसएसआर’ की मुहिम भी शुरू की थी। नीरज, सुशांत की मौत के बाद लगातार हर मौके पर उनके परिवार के साथ नजर आए। नीरज बिहार विधानसभा में लगातार चार बार से जीतकर पहुंच रहे हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर की शुरूआत 2005 में की थी। तब वह राघोपुर से चुनाव जीतकर विधानसभा में पहुंचे थे। उसके बाद 2010, 2015 और 2020 में वह छातापुर विधानसभा क्षेत्र से लड़े और जीते। नीरज बिहार भाजपा के बड़े नेताओं में से एक हैं। मंगलवार को हुए नीतीश कैबिनेट विस्तार में भाजपा कोटे से प्रमुख नाम शाहनवाज हुसैन का रहा। कुल 17 मंत्रियों ने शपथ ली है। भाजपा से नौ और जदयू से आठ मंत्रियों ने शपथ ली। इसके पहले नीतीश सरकार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को छोड़कर 13 मंत्री थे। अब 30 मंत्री हो गए हैं। विस्तार में जदयू से चार, भाजपा से सात, जबकि हम और वीआईपी कोटे के एक-एक मंत्री शामिल हुए।


More Stories
सारण के जलालपुर में डबल मर्डर, रोड के किनारे फेंका शव, जांच में जुटी पुलिस
यह तो संविधान का अपमान भी है
पाटलिपुत्र-छपरा पेसेंजर ट्रेन को रद्द करना जनहित के विपरीत