जावेद को अपने साथ ले जाएगी जम्मू एवं कश्मीर पुलिस
- आतंकियों को हथियार सप्लाई करने के आरोप में हुआ है गिरफ्तार,
- बिहार पुलिस की जांच जारी रहेगी
पटना: आतंकियों को हथियार सप्लाई करने के आरोप में गिरफ्तार जावेद को जम्मू-कश्मीर पुलिस अपने साथ ले जाएगी। जम्मू-कश्मीर पुलिस की टीम पटना पहुंच रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जावेद को न्यायालय में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर जम्मू-कश्मीर पुलिस को सौंप दिया जाएगा। वहां दर्ज मामले में उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। भले ही जावेद को जम्मू-कश्मीर पुलिस के हवाले किया जा रहा है पर उसके खिलाफ बिहार पुलिस की जांच जारी रहेगी। जावेद के खिलाफ बिहार में किसी भी आपराधिक मामले संलिप्त होने के साक्ष्य मिलते हैं तो यहां भी उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज होगी। माना जा रहा है कि हथियार की खरीद-फरोख्त को लेकर साक्ष्य मिलने के बाद बिहार पुलिस उसपर शिकंजा कसेगी। सारण के मढ़ौरा थाना अंतर्गत देवबहुआरा निवासी रिटायर्ड शिक्षक महफूज आलम के बड़े बेटे जावेद के पकड़े जाने के करीब पांच दिन पहले ही मुश्ताक आलम गिरफ्त में आ गया था। उसकी गिरफ्तारी चंडीगढ़ के मोहाली से हुई थी। बताया जाता है कि उसी की निशानदेही पर मढ़ौरा से जावेद की गिरफ्तारी हुई है। गिरफ्त में आए जावेद के लिंक सीवान के आपराधिक गिरोह से जुड़े हो सकते हैं। माना जा रहा है कि हथियार उसतक सीवान से ही पहुंचा है। हालांकि जांच अभी जारी है फिलहाल अधिकारी इस बाबत कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं है। जांच के बाद ही यह पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगा कि जावेद को पिस्टल कहां से और कितनी कीमत में मिली। जिस शख्स से पिस्टल उस तक पहुंची उसपर भी कार्रवाई तय मानी जा रही है।


More Stories
छपरा में दोहरा हत्याकांड: गोदरेज शोरूम के संचालक अमरेन्द्र सिंह व उनके चचेरे भाई को गोली मारकर हत्या
भारत में भ्रष्टाचार और अपराध के कारण तथा उनका निवारण
सारण के जलालपुर में डबल मर्डर, रोड के किनारे फेंका शव, जांच में जुटी पुलिस