राष्ट्रनायक न्यूज

Rashtranayaknews.com is a Hindi news website. Which publishes news related to different categories of sections of society such as local news, politics, health, sports, crime, national, entertainment, technology. The news published in Rashtranayak News.com is the personal opinion of the content writer. The author has full responsibility for disputes related to the facts given in the published news or material. The editor, publisher, manager, board of directors and editors will not be responsible for this. Settlement of any dispute

एमसीडी उपचुनाव में आप की बल्ले-बल्ले, केजरीवल बोले- लोगों ने एक बार फिर से काम के नाम पर वोट दिया

नयी दिल्ली, (एजेंसी)। दिल्ली नगर निगम के पांच वार्ड में हुए उपचुनावों के बुधवार को घोषित परिणामों में चार वार्ड में आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की जबकि एक वार्ड में कांग्रेस प्रत्याशी विजयी रहा। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि लोग दिल्ली के तीन नगर निगमों में पार्टी को सत्ता में लाना चाहते हैं। उपचुनाव में पार्टी की जीत के बाद केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘‘दिल्ली के लोगों ने एक बार फिर से काम के नाम पर वोट दिया। सबको बधाई। एमसीडी में 15 साल के भाजपा के कुशासन से जनता परेशान हो चुकी है। लोग अब एमसीडी में भी आम आदमी पार्टी का शासन लाने के लिए बेताब हैं।’’ केजरीवल ने कहा कि एमसीडी में भाजपा के 15 साल के काम से लोग इतने परेशान थे कि उन्होंने उन्हें 0 (सीटें) दे दीं। एमसीडी ने केवल दिल्ली में कचरा फैलाया है, इतना भ्रष्ट है कि लोग इसे “सबसे भ्रष्ट विभाग” कहते हैं। आप को वोट देकर, लोग अब एमसीडी में भी अच्छा काम कराना चाहते हैं।

केजरीवल ने आगे कहा कि जनता को पसंद नहीं आया जब उन्होंने (भाजपा) मुझसे 13,000 करोड़ रुपये की मांग की। जो भी पैसा दिया जाना था, दिल्ली सरकार ने दिया, लेकिन वे अधिक मांगते रहे और जनता को यह पसंद नहीं आया। दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जो अपने स्वच्छता कर्मचारियों को वेतन नहीं दे सकती थी, वह सत्ता में रहने लायक नहीं है। हालांकि आप को अल्पसंख्यक बहुल चौहान बांगर वार्ड में झटका लगा जहां से कांग्रेस उम्मीदवार चौधरी जुबैर अहमद ने आप के उम्मीदवार मोहम्मद इशराक खान को 10,642 मतों से हराया। नगर निकाय के लिए चुनाव 2022 में निर्धारित है, ऐसे में इन उप चुनावों को उसका सेमी फाइनल माना जा रहा था। पहले, इन पांच वार्ड में से एक भाजपा के पास था। हालांकि इस बार भाजपा खाता तक नहीं खोल पाई। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा, ‘‘हम जनादेश का सम्मान करते हैं। शालीमार बाग नॉर्थ हारना आत्मावलोकन का विषय है। खामियों को दूर किया जाएगा और मुझे भरोसा है कि 2022 में तीनों नगर निगमों के लिए होने वाले चुनाव भाजपा जीतेगी।’’

कल्याणपुरी, रोहिणी-सी,त्रिलोकपुरीऔर शालीमार बाग नॉर्थ से आप उम्मीदवार जीते हैं। नगर निगम के पांच वार्ड के लिए 28 फरवरी को उपचुनाव हुए थे। इनमें 50 फीसदी से अधिक मतदान हुआ था। राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक उपचुनाव में आप को सर्वाधिक 46.10 मत हासिल हुए, भाजपा को 27.29 फीसदी और कांग्रेस को 21.84 फीसदी मत प्राप्त हुए। कल्याणपुरी वार्ड से आप उम्मीदवार धीरेंद्र कुमार ने 7,043 मतों से जीत दर्ज की। त्रिलोकपुरी से आप उम्मीदवार विजय कुमार ने भाजपा के ओम प्रकाश को 4,986 मतों से हराया। शालीमार बाग नॉर्थ वार्ड से आप की सुनीता मिश्रा ने अपनी प्रतिद्वंद्वी भाजपा की सुरभि जाजू को 2,705 मतों से हराया, यह सीट पहले भाजपा के पास थी। रोहिणी सी से आप के राम चंदर ने भाजपा के अपने प्रतिद्वंद्वी राकेश गोयल को 2,985 मतों से हराया। चौहान बांगर वार्ड से कांग्रेस उम्मीदवार चौधरी जुबैर अहमद ने आप के उम्मीदवार मोहम्मद इशराक खान को 10,642 मतों से हराया।

दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ट्वीट करके जीत के लिए पार्टी कार्यकतार्ओं को बधाई दी और कहा कि लोग भाजपा से परेशान हो चुके हैं और अगले साल दिल्ली एमसीडी के चुनाव में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की सच्चाई की राजनीति और काम को मौका देंगे। दिल्ली कांग्रेस के प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल ने कहा कि पार्टी उम्मीदवार चौधरी जुबैर अहमद ने रिकॉर्ड अंतर से जीत हासिल की है जो जनता के प्यार और कांग्रेस उम्मीदवारों की कड़ी मेहनत की बानगी है। जुबैर अहमद उपचुनाव में मतों के सर्वाधिक अंतर से जीते हैं। गोहिल ने ट्वीट किया, ‘‘दिल्ली के नगर निगम उपचुनाव में चौहान बांगर वार्ड से कांग्रेस प्रत्याशी ने रिकॉर्ड ब्रेक कर 10,000 से ज्यादा वोटों के भारी अंतर के साथ जीत दर्ज की है। यह जीत दिल्ली की जनता के प्यार, कांग्रेस कार्यकर्ता/नेताओं की मेहनत और हमारे युवा प्रत्याशी पर जनता के विश्वास की है।