नई दिल्ली, (एजेंसी)। लगातार अपने बयानों से मोदी सरकार को घेरने वाले बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा तृणमूल कांग्रेस में शामिल होने वाले हैं। बीजेपी नेता यशवंत सिन्हा टीएमसी भवन पहुंच गए हैं। बता दें कि यशवंत सिन्हा बीजेपी से काफी दिनों से नाराज चल रहे थे और अपने बयानों से सरकार को कटघरे में खड़ा कर रहे थे। कहा जा रहा है कि यशवंत सिन्हा राज्यसभा भेजे जा सकते हैं। दिनेश त्रिवेदी ने हाल ही में राज्यसभा पद से इस्तीफा दिया है जिसके बाद से यह सीट यशवंत सिन्हा को दिए जाने की अटकलें लगाई जा रही हैं।
आयोग की निष्पक्षता पर उठाये सवाल: टीएमसी में शामिल होने के बाद यशवंत सिन्हा के निशाने पर चुनाव आयोग रहा। उन्होंने कहा कि मैं बहुत अफसोस के साथ कह रहा हूं कि चुनाव आयोग अब स्वतंत्र संस्था नहीं रही है। तोड़-मरोड़ कर चुनाव (8 चरणों में मतदान) कराने का फैसला मोदी-शाह के नियंत्रण में लिया गया है और भाजपा को फायदा पहुंचाने के ख्याल से लिया गया है। यशवंत सिन्हा ने टीएमसी की शान में कसीदे पढ़ते हुए कहा कि इसमें कोई शक नहीं है कि तृणमूल कांग्रेस बहुत बड़े बहुमत के साथ सत्ता में वापस आएगी। बंगाल से पूरे देश में एक संदेश जाना चाहिए कि जो कुछ मोदी और शाह दिल्ली से चला रहे हैं, अब देश उसको बर्दाश्त नहीं करेगा।
बिहार के पटना में जन्मे और शिक्षित हुए सिन्हा ने 1958 में राजनीति शास्त्र में अपनी मास्टर्स (स्नातकोत्तर) डिग्री प्राप्त की। इसके उपरांत उन्होंने पटना विश्वविद्यालय में 1960 तक इसी विषय की शिक्षा दी। उन्होंने यह कहते हुए भाजपा के उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया कि वे 2009 के आम चुनावों में हार के पश्चात् पार्टी द्वारा की गई कार्रवाई से असंतुष्ट थे।


More Stories
कार्यपालक सहायकों ने स्थायीकरण की मांग को ले दी चरणबद्ध आंदोलन व अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
चमार रेजिमेन्ट बहाल करो संघर्ष मोर्चा की हुई बैठक, प्रदेश व जिला कमिटी का हुआ गठन
बिहार चुनाव से पहले कांग्रेस में बड़ा बदलाव, दलित विधायक राजेश कुमार को बनाया प्रदेश अध्यक्ष