राष्ट्रनाय न्यूज।
पटना (बिहार)। बिहार विधानसभा में मंगलवार को विपक्षी दल के सदस्यों द्वारा भारी हंगामे के बीच पुलिस विधेयक पेश कर दिया गया। विधेयक पेश करने के साथ ही भारी हंगामे को देखते हुए सदन की कार्रवाही साढ़े चार बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। विपक्ष के भारी हंगामे के बीच सदन की कार्रवाही साढ़े चार बजे के बाद भी शुरू नहीं हो पाई। विधानसभा अध्यक्ष के चेंबर के बाहर विपक्षी विधायकों ने जमकर हंगामा किया। इस दौरान पुलिस को बुलाया गया। पटना डीएम और एसएसपी समेत भारी पुलिस फोर्स सदन के अंदर पहुंची। विपक्षी सदस्यों डीएम और एसएसपी समेत पुलिसकर्मियों के साथ जमकर धक्का मुक्की की।
इससे पहले विपक्ष ने बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस विधेयक के विरोध में न केवल जमकर हंगामा किया बल्कि उसकी प्रति भी फाड़ दी, जिसके बाद सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई। विधानसभा में मंगलवार दोपहर बारह बजे सभा की कार्यवाही पुन: शुरू होते ही विपक्षी दल के सदस्य अपनी सीट से खड़े होकर बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस विधेयक के विरोध में नारेबाजी करने लगे। सभाध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने हंगामा कर रहे सदस्यों से शांत रहने का आग्रह किया। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के समीर कुमार महासेठ समेत अन्य सदस्यों के कार्यस्थगन प्रस्ताव को नियमानुकूल न पाते हुए अस्वीकृत कर दिया।
इसके बाद विपक्षी दल के सदस्य इस विधेयक के विरोध में नारेबाजी करते हुए सदन के बीच में आ गए। इस बीच सभाध्यक्ष ने शून्यकाल की कार्यवाही शुरू की लेकिन विपक्षी सदस्य ‘विधेयक वापस लो, वापस लो’ के नारे लगाते रहे। इस दौरान भगीरथी देवी, पवन कुमार जायसवाल, ललन कुमार और पवन कुमार यादव ने अपनी-अपनी सूचनाएं पढ़ी।
शोरगुल कर रहे सदस्यों से शांत रहने का आग्रह करते हुए सभाध्यक्ष ने कहा कि आप सदन को अव्यवस्थित न करें। जिस विषय पर आप बोल रहे हैं वह सूचीबद्ध है और उस पर आपको बोलने का अवसर मिलेगा। उचित समय पर इस विषय पर होने वाले वाद-विवाद के दौरान सरकार और प्रतिपक्ष के सदस्य अपना वक्तव्य रख पाएंगे। इसके बावजूद विपक्षी सदस्य नहीं माने तो सभाध्यक्ष ने कहा कि ध्यानाकर्षण से संबंधित सूचनाएं ध्यानाकर्षण समिति को और शून्यकाल से संबंधित सूचनाएं शून्यकाल समिति को भेज दी जाएगी।
इस बीच वित्त मंत्री तारकिशोर प्रसाद नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की वर्ष 2017-18 की रिपोर्ट, विनियोग विधेयक, 2018-19, वित्त वर्ष 2020-21 का ग्रीन बजट एवं वित्त वर्ष 2020-21 और 2021-22 का जेंडर बजट पेश कर रहे थे, तभी विपक्षी सदस्यों ने उनसे बजट की प्रति छीनने की कोशिश की। हालांकि तारकिशोर प्रसाद कैग रिपोर्ट के साथ ही अन्य विधेयक सदन में पेश करने में कामयाब रहे।
इस दौरान हंगामा कर रहे राजद समेत अन्य विपक्षी दल के सदस्यों में से कुर्सी पटकने लगे। साथ ही विपक्षी सदस्यों ने बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस विधेयक की प्रति भी फाड़ दी। हंगामा बढ़ता देख सदन को नियंत्रित करने के लिए सभाध्यक्ष ने मार्शल को बुलाया और प्रतिपक्ष के सदस्यों को अपनी सीट की ओर जाने का निर्देश दिया। सदन को अव्यवस्थित होता देख सभाध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही भोजनावकाश तक के लिए स्थगित कर दी।



More Stories
सारण में विधान सभा चुनाव के लिए नाम निर्देशन पत्र की संवीक्षा संपन्न, 24 नामांकन पत्र रद्द
कार्यपालक सहायकों को जुमला दिखाकर ठग रही बीपीएसएम, कार्यपालक सहायकों ने कहा- मांगें पुरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन
कार्यपालक सहायकों ने राज्य कर्मी का दर्जा देने की मांग को ले शहर में निकला कैंडल मार्च, नीतीश सरकर के खिलाफ की नारेबाजी