राष्ट्रनायक न्यूज।
मधवापुर (मधुबनी)। प्रखंड के साहरघाट थानाक्षेत्र के तरैया निवासी फेकू मंडल की पत्नी रेनू देवी ने अपने ही गाँव के 5 लोगों पर बेवजह हमला कर कपड़े फाड़ने, मारपीट कर बुरी तरह जख्मी कर देने व छिनतई का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करायी है। इस संबंध में साहरघाट थानाध्यक्ष को दिए आवेदन में पीड़िता ने कहा है कि बीते मंगलवार को दिन के करीब बजे उसके गाँव के ही सुंदर मंडल के पुत्र देवेन्द्र मंडल, देवेंद्र मंडल के पुत्र सरोज कुमार मंडल, भरोस मंडल के पुत्र राजेश मंडल, रामदेव मंडल के पुत्र अवधेश मंडल, मनोज मंडल के पुत्र निखिल मंडल सहित कुछ अन्य लोग लाठी-डंडे से लैस होकर जबरन उसके घर में घुस गए। बलवाइयों ने उससे उसके पति के बारे में पूछा। जब उसने घर के पीछे पति द्वारा भैंस का चारा काटने की बात कही तो बदमाशों ने घेरकर मारना शुरू कर दिया। शोर सुनकर जब उसका पति वहाँ पहुँचा तो आरोपियों ने उसके पति को भी लाठी-डंडे और मुक्कों से हमला कर जख्मी कर दिया। इस क्रम में आरोपियों ने उसके गले से चाँदी के सिक्के की माला भी छीन ली। शोर सुनकर जब उसकी पतोहू आई तो उसने मदद के लिए शोर मचाया। जिसके बाद पड़ोसी जुटे और उसका पुत्र पंकज मंडल भी पहुँचा और उसकी जान बचाई। फिर उसे इलाज के लिए सीएचसी मधवापुर में भर्ती कराया गया। जाते जाते आरोपियों ने थाना से शिकायत करने पर सबको जान से मार देने की धमकी दी। दिए आवेदन में पीड़िता ने थानाध्यक्ष से आवश्यक कार्रवाई करने व उचित न्याय दिलाने की गुहार लगाई है। इस बाबत थानाध्यक्ष सुरेंद्र पासवान ने बताया कि वादी के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है।


More Stories
सारण के जलालपुर में डबल मर्डर, रोड के किनारे फेंका शव, जांच में जुटी पुलिस
पाटलिपुत्र-छपरा पेसेंजर ट्रेन को रद्द करना जनहित के विपरीत
मुख्यमंत्री ने सारण जिले में चल रही विकासात्मक योजनाओं के संबंध में की समीक्षा बैठक