राष्ट्रनायक न्यूज।
पटना (बिहार)।बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक बार फिर जनता के लिए दरबार लगाएंगे। 12 जुलाई से इसकी शुरूआत हो सकती है। जनता के दरबार का आयोजन 4 केजी के अहाते में बने एक बड़े हॉल में किया जाएगा। पिछले दिनों सीएम नीतीश अचानक ही 4 केजी परिसर में पहुंच गए थे। उन्होंने उस हाल का मुआइना किया जहां जनता का दरबार लगाया जाना है। सीएम नीतीश ने इस बारे में अधिकारियों को कई निर्देश भी दिए।
गौरतलब है कि सीएम नीतीश पहले एक अणे मार्ग में जनता के दरबार कार्यक्रम का आयोजन करते थे। वह वहां लोगों से मिलकर उनकी शिकायतें और समस्याएं सुनते थे। जनता के दरबार में अलग-अलग विभागों के मंत्री और विभागों के बड़े अफसर मौजूद रहते थे। सीएम आम जनता की कठिनाइयों की सुनवाई के साथ ही समस्याओं का निदान और कार्रवाई के आदेश भी देते थे। तुरत-फुरत निपटारे से लोगों को काफी राहत मिलती थी। साल 2006 से 2016 तक इसका आयोजन होता रहा था। अब एक बार फिर हर सोमवार जनता का दरबार लगेगा। इस बार इसके लिए 4 केजी की जगह तय की गई है।
जनता का दरबार दोबारा लगाने का ऐलान सीएम नीतीश ने जनवरी में ही किया था। उन्होंने मीडिया कर्मियों से कहा था कि प्रत्येक सोमवार को जनता का दरबार लगेगा। इसमें मुख्यमंत्री मौजूद रहेंगे। जनता के दरबार में अलग-अलग विभागों के मामलों के समाधान की कोशिश की जाएगी। जनता के दरबार में पूर्व में काफी भीड़ जुटती रही है। इस बार भी भीड़ जुटने की संभावना के मद्देनजर आयोजन स्थल पर एक बड़ा शेड बनाया जा रहा है। कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों के भी बैठने की व्यवस्था होगी। लोगों के लिए पीने का पानी भी उपलब्ध होगा। शौचालय भी बनाए जा रहे हैं।


More Stories
कार्यपालक सहायकों ने स्थायीकरण की मांग को ले दी चरणबद्ध आंदोलन व अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
भू-सम्पदा अधिनियम का उलंघन करने वाले प्रमोटर्स की पहचान कर रेरा ने लगाया जुर्माना, प्रोजेक्ट के ज़मीन की रजिस्ट्री एवं दाखिल ख़ारिज पर भी रोक
बिहार में डोमिसाइल नीति लागू, बिहार से मैट्रिक या इंटरमीडिएट करने वाले युवाओं को शिक्षक नियुक्ति में रिक्त पदों के 40 फीसद पदों पर हीं लागू होगा डोमिसाइल