राष्ट्रनायक न्यूज।
पटना (बिहार)। पटना जंक्शन का अमानती समान गृह यानी क्लॉक रूम अब रेलवे यात्रियों के लिए पहले से अधिक सुविधाजनक होगा। क्लॉक रूम हाईटेक होने के साथ साथ यात्रियों के लिए सामान रखने और लेने में आसान होगा। रेलवे यात्री कम समय में ही सामान को जमा कर सकेंगे साथ ही निकाल भी सकेंगे। जंक्शन का क्लॉक रूम दानापुर रेल मंडल का पहला आधुनिक व हाईटेक सुविधाओं से युक्त होगा। दानापुर रेल मंडल ने क्लॉक रूम के संचालन से लेकर इसके नए सिरे से जीर्णोद्धार व संचालन के लिए ई टेंडर जारी कर दिया है। इस महीने की 28 तारीख तक टेंडर भरने की तिथि है। दानापुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (वाणिज्य) की ओर से निकाले गए टेंडर के अनुसार क्लॉक रूम का संचालन भी निजी एजेंसी करेगी। इसकी अवधि पांच वर्ष तक की होगी।
दानापुर रेल मंडल से मिली जानकारी के अनुसार पटना जंक्शन पर पूर्व मध्य रेल के स्टेशनों में सबसे अधिक यात्रियों का आना जाना होता है। रोजाना औसतन साढ़े तीन से चार लाख लोगों का आना जाना है। इसी को ध्यान में रखकर पूर्व मध्य रेल ने अमानती घर के नवीनीकरण, संचालन, रखरखाव और स्थानांतरण को लेकर टेंडर जारी किया है। दानापुर रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी पृथ्बी राज ने बताया कि क्लॉक रूम के भीतर से बाहर की पूरी संरचना में बदलाव होगा। सामान रखने के लिए क्लॉक रूम के भीतर का रैक भी नया लगाया जाएगा। अब यात्रियों को पहले से अधिक सुविधा देते हुए लॉकर सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है। वहीं, बिल भी अब कंप्यूटरीकृत तरीके से मिलेगा। ऐसे में बिल के भूल जाने की हालत में भी कंप्यूटर में उसका रिकार्ड सुरक्षित होगा। साथ ही सामान रखने के पहले सभी सामानों को लगेज स्कैनर से चेक किया जाएगा। इससे कोई भी विस्फोटक सामान या आपतिजनक सामान की पहले ही चेकिंग हो जाएगी। कुल मिलाकर पटना जंक्शन का क्लॉक रूम अपने आप में दानापुर रेलमंडल का पहला हाईटेक क्लॉक रूम होगा। रेलवे की तैयारी है कि हर हाल में इस वर्ष के आखिर तक क्लॉक रूम को नए सिरे से चालू करा दिया जाए।


More Stories
सारण में 37.92 लाख आबादी को खिलायी जायेगी फाइलेरिया से बचाव की दवा: डॉ दिलीप
वरिष्ठ रंगकर्मी कुमार आजाद का निधन, शोक की लहर
एनक्वास प्रमाणीकरण से हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर क्षेत्र के लोगों को मिलेगी बेहतर चिकित्सा सुविधाएं