राष्ट्रनायक न्यूज।
पटना (बिहार)। शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में जदयू फिर से अपनी ऊंचाई को प्राप्त करेगा। बिहार में जदयू का मतलब नीतीश कुमार है। नीतीश कुमार का बिहार में कोई विकल्प नहीं हो सकता है। वह शनिवार को पार्टी कार्यालय में पूर्व विधायक मंजीत सिंह को जदयू में शामिल होने के मौके पर बोल रहे थे। कहा कि हमसब मिलकर अपनी पुरानी ऊंचाई प्राप्त करेंगे। इधर घर वापसी के साथ ही मंजीत सिंह को पार्टी का प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया।
आगे श्री चौधरी ने कहा कि मंजीत सिंह के परिवार का हमलोगों के नेतृत्वकर्ता को स्थापित करने में योगदान रहा है। उनके पिता ब्रजकिशोर नारायण सिंह समता पार्टी के समय साथ आए थे। हमलोग सभी यहां पर मंजीत सिंह को उनके ही घर में स्वागत करने के लिए एकत्र हुए हैं। जदयू के दिल में वो हैं और उनके दिल में जदयू। गठबंधन में कुछ मजबूरी भी होती है, जिसके तहत इन्हें अलग होना पड़ा।
मौके पर सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने कहा कि जदयू पर जितना हक हमारा और अन्य नेताओं का है, उतना ही हक मंजीत सिंह का है। उनके पिता ने उनका हाथ नीतीश कुमार के सुपुर्द किया था। मैं जब प्रदेश का अध्यक्ष था तो मंजीत सिंह को सबसे पहले गोपालगंज का जिलाध्यक्ष बनाया था। इस बार वे निर्दलीय चुनाव लड़े, पर बहुत ही आहत भावना से। पार्टी में समर्थकों के साथ शामिल होने के बाद मंजीत सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मेरे राजनीतिक पिता हैं। मैं आठ-दस साल पार्टी से अलग रहा, जो मेरे लिए बनवास के जैसा था। मैं अपने समर्थकों के कहने पर निर्दलीय चुनाव लड़ा। पर, अगर मैं निर्दलीय चुनाव जीत जाता तो जदयू के साथ आकर एनडीए सरकार का समर्थन करता।
इस मौके पर जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, मंत्री लेसी सिंह, सुनिल कुमार, संजय झा, सांसद आलोक कुमार समेत जयकुमार सिंह, नीरज कुमार, संजय सिंह, राणा रणधीर, अरविंद निषाद, मनोरंजन गिरि, ओमप्रकाश सिंह सेतु आदि उपस्थित थे।


More Stories
सारण के जलालपुर में डबल मर्डर, रोड के किनारे फेंका शव, जांच में जुटी पुलिस
यह तो संविधान का अपमान भी है
पाटलिपुत्र-छपरा पेसेंजर ट्रेन को रद्द करना जनहित के विपरीत