नई दिल्ली, (एजेंसी)। अफगानिस्तान में तालिबान पूरी तरह से अपना कब्जा जमा चुका है। अफगानिस्तान की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। इन सब के बीच अब अफगानिस्तान की स्थिति को लेकर भारत की राजनीति तेज होने लगी है। कांग्रेस की ओर से आज इस पर कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने बड़ा बयान दिया है। एक संवाददाता सम्मेलन में रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि अफगानिस्तान की स्थिति बहुत खतरनाक मोड़ लिए है। भारत के सामरिक हित अफगानिस्तान के मामले में दांव पर लगे हैं। हमारे राजदूतों, हमारे नागरिकों की सुरक्षा दांव पर है। हम भारत सरकार से एक परिपक्व रणनीतिक और राजनीतिक प्रतिक्रिया की अपेक्षा करते हैं।
न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक सुरजेवाला ने केंद्र की मोदी सरकार से भी सवाल किए हैं। सुरजेवाला ने कहा कि नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार की चुप्पी चिंताजनक और रहस्यमय है। प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री को सामने आकर बताना चाहिए कि हमारे राजदूत और नागरिक किस प्रकार से सुरक्षित वापस आएंगे और अफगानिस्तान के साथ हमारे भविष्य की रणनीति क्या होगी। आपको बता दें कि काबुल की दहलीज पर खड़े तालिबान द्वारा अफगानिस्तान में शांति के नए युग का वादा किए जाने के बावजूद आम अफगानों के दिलों में क्रूर शासन की वापसी का डर घर करने लगा है। तमाम लोगों को डर है कि तालिबान उन सभी अधिकारों को समाप्त कर देगा जो पिछले करीब दो दशक में कड़ी मशक्कत से महिलाओं और अल्पसंख्यक समुदाय ने हासिल किए थे।
दूसरी ओर सुष्मिता देव के पार्टी छोड़ने को लेकर फिलहाल सुरजेवाला ने कोई आधिकारिक टिप्पणी तो नहीं की लेकिन उन्होंने इतना जरूर कहा कि मैंने सुष्मिता देव से बात करने की कोशिश की लेकिन उनका फोन आॅफ था। उनका कोई पत्र आज तक सोनिया गांधी को नहीं मिला है। सुष्मिता देव अपने विवेक से और सोच समझकर निर्णय करेंगी। जब तक उनसे पूरी बात नहीं हो जाती इससे ज्यादा कहना अनुचित होगा।


More Stories
सारण में विधान सभा चुनाव के लिए नाम निर्देशन पत्र की संवीक्षा संपन्न, 24 नामांकन पत्र रद्द
कार्यपालक सहायकों ने स्थायीकरण की मांग को ले दी चरणबद्ध आंदोलन व अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
चमार रेजिमेन्ट बहाल करो संघर्ष मोर्चा की हुई बैठक, प्रदेश व जिला कमिटी का हुआ गठन