राष्ट्रनायक न्यूज।
पटना (बिहार)। अतंरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर बिहार विधानसभा में महिला विधायकों ने पार्टी लाइन से ऊपर उठकर संसद और राज्य विधानसभा में 50 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग की। सुबह 11 बजे विधानसभा के सत्र की शुरूआत हुई। स्पीकर विजय कुमार सिन्हा ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं को बधाई दी और कहा कि वे राष्ट्र के विकास में एक रचनात्मक भूमिका निभाती हैं।
प्रश्नकाल के दौरान विधानसभा में महिलाओं को प्राथमिकता दी गई। उन्हें सबसे पहले अपने सवाल पूछने का मौका दिया गया। सत्तारूढ़ गठबंधन और विपक्षी खेमे की कई महिला विधायकों ने संसद और राज्य विधानसभाओं में 50 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग की। जबकि अन्य ने सदन में 33 प्रतिशत कोटा दिए जाने को कहा। बता दें कि प्रस्तावित महिला आरक्षण विधेयक लोकसभा में अटका हुआ है।
जदयू विधायक शालिनी मिश्रा ने कहा, ‘भारत को 1947 में स्वतंत्रता मिली लेकिन बिहार की महिलाओं को 2005 में जाकर तब स्वतंत्रता मिली जब नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बने। वर्तमान में, पंचायती राज संस्थाओं और शहरी स्थानीय निकायों में 1,17,717 महिला प्रतिनिधि हैं। यह हमारे सीएम की उपलब्धि है।’ इस मौके पर विपक्षी खेमे की विधायक और राजद नेता रेखा यादव ने नीतीश कुमार को स्थानीय निकायों में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत सीटें आरक्षित करने के लिए धन्यवाद दिया।
भाजपा सदस्य भागीरथी देवी ने कहा कि मुख्यमंत्री को विधानसभा में महिलाओं के लिए पर्याप्त प्रतिनिधित्व के लिए कोशिश करनी चाहिए। उन्होंने कहा, ‘आज महिलाएं खुश हैं (नीतीश कुमार के शासन में) और मैं इसके लिए सीएम की शुक्रगुजार हूं। इस राज्य की महिलाएं सीएम का बहुत सम्मान करती हैं क्योंकि उन्होंने उनके विकास के लिए काफी काम किया है।’
शून्यकाल के दौरान, भाजपा सदस्य पवन जायसवाल ने अध्यक्ष से इस अवसर पर एक महिला विधायक को ‘पीठासीन अधिकारी’ बनने की अनुमति देने का आग्रह किया। लंच के बाद, संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी ने भी स्पीकर से यही अनुरोध किया। इसके बाद भाजपा की गायत्री देवी और हम की ज्योति देवी को बारी-बारी से पीठासीन अधिकारी बनाया गया।


More Stories
सारण के जलालपुर में डबल मर्डर, रोड के किनारे फेंका शव, जांच में जुटी पुलिस
सारण में 37.92 लाख आबादी को खिलायी जायेगी फाइलेरिया से बचाव की दवा: डॉ दिलीप
एनक्वास प्रमाणीकरण से हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर क्षेत्र के लोगों को मिलेगी बेहतर चिकित्सा सुविधाएं