राष्ट्रनायक न्यूज

Rashtranayaknews.com is a Hindi news website. Which publishes news related to different categories of sections of society such as local news, politics, health, sports, crime, national, entertainment, technology. The news published in Rashtranayak News.com is the personal opinion of the content writer. The author has full responsibility for disputes related to the facts given in the published news or material. The editor, publisher, manager, board of directors and editors will not be responsible for this. Settlement of any dispute

एनएमसीएच में ऑक्सीजन सप्लाई हुई बंद, मरीजों की अटकीं सांसें, प्राइवेट अस्पतालों में भी किल्लत होने के बाद मचा हाहाकार

पटना: एनएमसीएच कोविड डेडिकेटेड अस्पताल के कई वार्डों में रविवार को करीब 45 मिनट तक ऑक्सीजन आपूर्ति ठप पड़ गयी। जिससे बेड पर पड़े मरीजों की सांसें अटकी रहीं। जीवन और मौत का फासला कम होता देख मरीजों के परिजन हो-हल्ला मचाने लगे। हालांकि, दुर्घटना होने के पहले स्थिति नियंत्रित कर ली गयी। उसके बाद मरीजों के साथ ही परिजनों ने राहत की सांस ली। बिहटा मेडिकल कॉलेज में रविवार रात ऑक्सीजन की किल्लत होने पर हाहाकार मचा गया।

एनएमसीएच में ऑक्सीजन सप्लाई ठप पड़ते ही कई मरीज के परिजनों ने गाड़ी में रखे छोटे सिलेंडर से मरीजों को सपोर्ट दिया। वहीं, जिसके पास सिलेंडर नहीं था वे हाथ जोड़कर ईश्वर से प्रार्थना करने लगे। दरअसल, रविवार की दोपहर करीब तीन बजे अस्पताल के कुछ वार्ड में ऑक्सीजन गैस खत्म होने लगा था। इधर, ऑक्सीजन वैन आने में देरी होता देख अस्पताल प्रशासन सकते में आ गया। करीब आधा घंटा बाद सिलेंडर पहुंचा। उसके बाद आपूर्ति सामान्य हो सकी। इस बीच करीब 45 मिनट तक मरीजों की सांसें अटकी रहीं। मामले की जानकारी होते ही अस्पताल के अधीक्षक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने जिलाधिकारी को त्राहिमाम संदेश भेजते हुए यथाशीघ्र ऑक्सीजन गैस आपूर्ति की मांग की।

उन्होंने अपने पत्र में लिखा कि अस्पताल को प्रतिदिन एक हजार सिलेंडर की आवश्यकता है। साथ ही मरीजों की संख्या व उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए कम से कम 250 सिलेंडर रिजर्व रखना जरूरी है। जिससे कि भर्ती मरीजों को निर्बाध ऑक्सीजन उपलब्ध कराया जा सके। लगभग 25 मिनट बाद डीएम की ओर से आॅक्सीजन गैस के 50 सिलेंडर एनएमसीएच भेजा गया। तब जाकर मरीजों संग परिजन व डॉक्टरों ने भी राहत की सांस ली। हालांकि, इस दौरान किसी मरीज की मौत हुई है कि नहीं, इसकी जानकारी उपलब्ध नहीं हो सकी है।

अधीक्षक का कहना है कि अनवरत ऑक्सीजन आपूर्ति के लिए अस्पताल में कम से कम एक हजार सिलेंडर की जरुरत हर दिन पड़ रही है। सप्लाई चेन में बाधा आने के साथ ही समस्या खड़ी हो जाती है। ऐसे में जरुरी है कि कम से कम ढाई सौ सिलेंडर रिजर्स रखा जाए।

निजी अस्पतालों में ऑक्सीजन की किल्लत बनी हुई है। रविवार को भी बाइपास, पाटलिपुत्रा, कंकड़बाग आदि के अस्पतालों में ऑक्सीजन की किल्लत बनी रही। मरीजों के परिजन ऑक्सीजन सिलेंडर के लिए परेशान रहे। देर रात करीब 11 बजे पाटलिपुत्रा स्थित एक अस्पताल में मरीजों के परिजनों को बताया कि एक घंटे तक ऑक्सीजन नहीं आया तो मरीज को डिस्चार्ज करना पड़ेगा। इसके बाद परिजन अपने अपने स्तर से ऑक्सीजन की आपूर्ति में जुट गए।

बिहटा स्थित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भी ऑक्सीजन की किल्लत बनी हुई है। रविवार को ऑक्सीजन की किल्लत होने पर मरीजों के परिजनों के बीच हाहाकार की स्थिति रही। उस समय आईसीयू में 17 मरीज भर्ती थे। जिला प्रशासन और पाटलिपुत्रा एजेंसी के सामने अस्पताल प्रशासन के लोग चक्कर काटते रहे। गिड़गिड़ाते रहे लेकिन देर रात तक वहां ऑक्सीजन की सप्लाई नहीं हो सकी थी। ऑक्सीजन सिलेंडर नहीं मिलने पर मरीजों को ईएसआई बिहटा शिफ्ट करने के लिए परिजन और अस्पताल प्रशासन प्रयासरत दिखे। आईजीआईएमएस में भी किल्लत बनी हुई है। अस्पताल प्रशासन ने जिला प्रशासन को पत्र लिखकर ऑक्सीजन आपूर्ति सामान्य करने की मांग की है। निदेशक एनआर विश्वास ने डीएम को पत्र लिखकर ऑक्सीजन की कमी दूर करने की मांग की है।