पटना: समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी और विभाग के अपर मुख्य सचिव अतुल प्रसाद के बीच तबादलों पर विवाद गहराने के मामले पर जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह ने कहा कि चाहे अधिकारी हों या नेता या हमारे कार्यकर्ता, सबको प्रशिक्षण लेना चाहिए। रविवार को जदयू मुख्यालय में मीडिया से बातचीत में पूर्व आईएएस श्री सिंह ने कहा कि किसी को अन्यथा में लेने की जरूरत नहीं है पर अधिकारियों और नेताओं में आपसी समझ बनी रहनी चाहिए। नेता का अपना और अधिकारी का अपना रोल है। इसे समझने की जरूरत है। दोनों की पृष्ठभूमि अलग-अलग हैं, दायित्व अलग हैं। जिसने अपनी जिम्मेदारी ठीक से समझ ली उसे कहीं कोई परेशानी नहीं होती है। दुर्भाग्य से आरंभ से ही बिहार में अच्छी ट्रेनिंग की व्यवस्था नहीं रही। मैं तो यूपी काडर का आएएस था। हमलोगों को जिस प्रकार का प्रशिक्षण दिया गया, यहां ऐसी व्यवस्था नहीं थी। कई बार ऊंच-नीच हो जाता है लेकिन संवाद बना रहना चाहिए और समय-समय पर प्रशिक्षण होते रहना चाहिए। रोल, दायित्व और अपनी सीमा जान लेने वालों को कोई दिक्कत नहीं होती।
मदन सहनी की नाराजगी पर आरसीपी सिंह ने कहा कि उनका अपना घर है, कोई नाराज है और अपनी बात मीडिया के सामने कहता है तो ऐसी कौन सी बात हो गई। किसके घर में लोग नाराज नहीं होते। सरकार स्थिर है, चलेगी। जनता ने बिहार को विकसित प्रदेश बनाने के लिए वोट दिया है। सबलोग नीतीश बाबू के नेतृत्व में विश्वास रखते हैं। हमारी पार्टी पूरी तरह से एकजुट है। विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव द्वारा राज्य सरकार के गिरने के बयान पर जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि बहुत दिनों से वे दावा कर रहे हैं। उनके दावे पर हम क्या कहें। तीन महीने क्या वे तो और भी कम समय कह सकते हैं। बहुत गलतफहमी नहीं पालनी चाहिए।


More Stories
कार्यपालक सहायकों को जुमला दिखाकर ठग रही बीपीएसएम, कार्यपालक सहायकों ने कहा- मांगें पुरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन
कार्यपालक सहायकों ने राज्य कर्मी का दर्जा देने की मांग को ले शहर में निकला कैंडल मार्च, नीतीश सरकर के खिलाफ की नारेबाजी
कार्यपालक सहायकों ने दूसरे दिन भी कार्यपालक सहायकों ने काला पट्टी बांधकर किया कार्य, आंदेलन को सामाजिक व राजनैतिक दलों का मिल रहा समर्थन, कहा- कार्यपालक सहायकों की मांगें जायज, सरकार जल्द पूरी करें मांग